April 24, 2026

‘शराब और आफ्टर पार्टी से दूर रहो’ – बाबिल खान के वायरल वीडियो पर Harshvardhan Rane की सलाह, कई सितारों ने किया समर्थन

दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। हाल ही में बाबिल का एक भावुक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह रोते हुए दिखाई दिए और बॉलीवुड इंडस्ट्री को ‘सबसे फेक’ करार देते हुए कुछ बड़े सितारों का नाम लिया। वीडियो के वायरल होने के बाद जहां इसे लेकर विवाद खड़ा हुआ, वहीं बाबिल ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया और वीडियो भी हटा लिया।

बाबिल की टीम ने दी सफाई

इस विवाद के बाद बाबिल खान की टीम की ओर से एक आधिकारिक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि वायरल वीडियो को गलत संदर्भ में लिया गया है। उन्होंने बताया कि बाबिल ने जिन सेलेब्रिटीज का नाम लिया था, वह आलोचना नहीं बल्कि प्रशंसा के संदर्भ में था। टीम ने स्पष्ट किया कि बाबिल भावुक थे और वीडियो में उनकी भावनाओं को गलत तरीके से तोड़ा-मरोड़ा गया।

Harshvardhan Rane ने दी बाबिल को सलाह

बाबिल को इस मुश्किल वक्त में कई सेलेब्स का समर्थन मिला है। ‘सनम तेरी कसम’ फेम अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने न केवल बाबिल का समर्थन किया बल्कि उन्हें कुछ अहम सलाह भी दी। इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए हर्षवर्धन ने लिखा:

> “डियर बाबिल खान, आपको गॉड-लेवल जेनेटिक्स का आशीर्वाद मिला है। हमें आपकी विरासत को आगे बढ़ते देखना है। कृपया बस अपना बेस्ट दें और उसके बाद इवेंट्स और आफ्टर पार्टीज़ से दूर रहें, ताकि आपको परेशान करने वाले लोगों से दूरी मिल सके।”

 

हर्षवर्धन ने आगे लिखा:

> “मैं खुद किसी फिल्मी परिवार से नहीं हूं, लेकिन मैंने सीखा है कि अगर आप किसी को इजाजत नहीं देंगे, तो वे आपके साथ बुरा व्यवहार नहीं कर पाएंगे। शराब और ऐसी किसी भी चीज से दूर रहें, क्योंकि मजबूती से खड़े रहने के लिए आपको ताकत की जरूरत होगी। प्लीज अपना ख्याल रखें।”

 

इन सितारों ने भी जताया समर्थन

बाबिल के समर्थन में हर्षवर्धन राणे के अलावा कई और सितारे भी सामने आए हैं। इनमें अनन्या पांडे, राघव जुयाल, सिद्धांत चतुर्वेदी और रिद्धि डोगरा जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी ने बाबिल को मजबूत बने रहने और खुद पर भरोसा बनाए रखने की सलाह दी है।

वर्क फ्रंट पर बाबिल खान

बाबिल खान को हाल ही में ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज हुई थ्रिलर फिल्म ‘लॉगआउट’ में देखा गया था। इस फिल्म में उनकी परफॉर्मेंस को दर्शकों से सराहना मिली। लॉगआउट एक ऐसी कहानी है जो आज की युवा पीढ़ी की स्मार्टफोन पर बढ़ती निर्भरता और उसके प्रभावों को दर्शाती है

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!