ऑस्ट्रेलिया में भारतीय युवक पर जानलेवा हमला, चाकू से वार कर की गई मारपीट, टूटी हड्डियां और सिर में गंभीर चोट
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां भारतीय मूल के 33 वर्षीय सौरभ आनंद पर जानलेवा हमला किया गया। यह हमला उस समय हुआ जब सौरभ दवा लेने के लिए अल्टोना मीडोज़ स्थित सेंट्रल स्क्वायर शॉपिंग सेंटर के पास फार्मेसी गए थे। शाम करीब साढ़े सात बजे, पांच युवकों के एक ग्रुप ने उन पर अचानक हमला कर दिया, जिसमें चाकू और घूंसे दोनों का इस्तेमाल किया गया।
घटना के समय सौरभ अपने दोस्त से फोन पर बात कर रहे थे, तभी उन्होंने आसपास कुछ हलचल महसूस की। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, उन पर हमला कर दिया गया। एक हमलावर ने उनकी जेब टटोली और जबरदस्त घूंसे मारे। फिर तीसरे हमलावर ने उनके गले पर चाकू रख दिया। जब सौरभ ने अपना हाथ ऊपर किया तो चाकू सीधे उनकी कलाई और हड्डियों तक पहुंच गया, जिससे उनका हाथ लगभग कट गया।
इस हमले में सौरभ को गंभीर चोटें आई हैं। उनके कंधे और पीठ पर चाकू से वार किए गए हैं और रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है। हाथ की कई हड्डियां टूट गई हैं और सिर पर भी गंभीर चोट लगी है। फिलहाल उन्हें रॉयल मेलबर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी सर्जरी की गई और बायां हाथ फिर से जोड़ा गया।
सौरभ ने कहा कि उन्हें याद है कि उनका हाथ सिर्फ धागे से लटका हुआ था और वह असहनीय दर्द में थे। घटना के बाद उन्होंने बताया कि वे अब अपना हाथ हिला नहीं पा रहे हैं, केवल दर्द महसूस हो रहा है।
पुलिस ने इस हमले में शामिल चार युवकों को हिरासत में ले लिया है और आगे की जांच जारी है। यह घटना मेलबर्न में रह रहे भारतीय समुदाय में गहरी चिंता का विषय बन गई है।
Share this content:
