May 4, 2026

Asia Cup 2025: गौतम गंभीर की पसंद बने संजू सैमसन, टीम में फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर, राहुल-पंत को लगा झटका

एशिया कप 2025 की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया को लेकर एक बड़ा संकेत सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार टूर्नामेंट में संजू सैमसन को फर्स्ट चॉइस विकेटकीपर के रूप में शामिल किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है तो फिर केएल राहुल और ऋषभ पंत दोनों ही अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर बैठना पड़ सकता है। कहा जा रहा है कि हेड कोच गौतम गंभीर खुद संजू सैमसन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

एशिया कप का आयोजन 9 सितंबर से होना है, और इसके लिए भारतीय टीम की घोषणा अगस्त के तीसरे हफ्ते में संभावित है। सूत्रों के अनुसार UAE के लिए रवाना होने वाली भारतीय टीम में संजू सैमसन एकमात्र विकेटकीपर बल्लेबाज हो सकते हैं। शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन जैसे युवाओं की जगह लगभग तय मानी जा रही है, ऐसे में सैमसन की एंट्री ने राहुल और पंत की उम्मीदों को झटका दिया है।

गौतम गंभीर की नजर में संजू सैमसन न सिर्फ विकेट के पीछे बल्कि बल्लेबाजी में भी बहुमुखी योगदान दे सकते हैं। वह ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक किसी भी क्रम में बल्लेबाजी करने में सक्षम हैं। यही कारण है कि उनके चयन को लेकर गंभीर की सहमति मानी जा रही है। आंकड़ों की बात करें तो पिछले 12 महीनों में सैमसन ने ओवरऑल टी20 क्रिकेट में 160.84 के स्ट्राइक रेट से 838 रन बनाए हैं, जिसमें 3 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं।

दूसरी ओर केएल राहुल और ऋषभ पंत के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो वे सैमसन के मुकाबले पीछे नजर आते हैं। दोनों ने पिछले साल 13-13 टी20 मैच खेले, जिनमें राहुल ने 149.72 की स्ट्राइक रेट से 539 रन बनाए जबकि पंत ने 133.16 की स्ट्राइक रेट से 269 रन ही जोड़े। रन बनाने के साथ-साथ सैमसन की आक्रामकता और निरंतरता चयनकर्ताओं को प्रभावित कर रही है।

संजू सैमसन का ओवरऑल इंटरनेशनल टी20 स्ट्राइक रेट 152.38 है, जबकि ओपनर के रूप में यह आंकड़ा 182 तक पहुंच जाता है। इन शानदार आंकड़ों के दम पर अब माना जा रहा है कि एशिया कप में सैमसन को ही विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। अगर ऐसा होता है तो केएल राहुल और ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों को एक बार फिर टीम से बाहर रहना पड़ सकता है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!