बॉलीवुड स्टार्स की प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ भी अक्सर सुर्खियों में रहती है। लंबे समय से चर्चा में रहे तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया के रिश्ते को लेकर अब चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने आपसी सहमति से अपने रिश्ते को खत्म कर लिया है। हालांकि, अभी तक तारा या वीर की ओर से ब्रेकअप को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स में इस रिश्ते के टूटने की पुष्टि की जा रही है।
तारा सुतारिया और वीर पहाड़िया ने साल 2025 की शुरुआत में एक-दूसरे को डेट करना शुरू किया था। शुरुआत में दोनों को कई बार साथ देखा गया—चाहे एयरपोर्ट लुक हो, डिनर डेट्स हों या सोशल मीडिया पर शेयर की गई रोमांटिक तस्वीरें। कुछ ही समय में दोनों ने अपने रिश्ते को पब्लिक कर दिया था। इतना ही नहीं, तारा ने एक पॉडकास्ट में भी वीर का जिक्र किया था, जिसके बाद फैंस को लगा कि यह रिश्ता काफी मजबूत है और लंबे समय तक चल सकता है।
हालांकि, पिछले कुछ दिनों में यह रिश्ता अचानक विवादों में आ गया। मुंबई में सिंगर एपी ढिल्लों के कॉन्सर्ट के दौरान तारा सुतारिया स्टेज पर उनके साथ परफॉर्म करती नजर आईं। परफॉर्मेंस के दौरान एपी ढिल्लों ने तारा के गाल पर किस कर दिया, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गईं। उस समय कॉन्सर्ट में मौजूद वीर पहाड़िया का एक रिएक्शन भी कैमरे में कैद हो गया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर जमकर मीम्स और ट्रोलिंग शुरू हो गई। कई यूजर्स ने दावा किया कि वीर इस पूरे मामले से नाराज थे।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद तारा सुतारिया ने इन अफवाहों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा था कि तेज एडिटिंग, झूठी अफवाहें और पैसे देकर की गई पीआर उन्हें प्रभावित नहीं कर सकतीं और आखिरकार प्यार व सच्चाई की ही जीत होती है। वहीं, वीर पहाड़िया ने भी सफाई दी थी कि उनका वायरल रिएक्शन किसी और गाने के दौरान का था, न कि उस किस वाले पल का। दोनों के बयानों के बाद लगा था कि मामला शांत हो गया है।
लेकिन अब फिल्मफेयर समेत कई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कॉन्सर्ट विवाद के बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। सूत्रों के मुताबिक, लगातार ट्रोलिंग, पब्लिक प्रेशर और निजी मतभेदों के चलते तारा और वीर ने अपने-अपने रास्ते अलग करने का फैसला किया। फिलहाल दोनों ही अपने काम पर फोकस कर रहे हैं। फैंस अब आधिकारिक बयान का इंतजार कर रहे हैं, जिससे इस ब्रेकअप की असली वजह पर पूरी तरह से तस्वीर साफ हो सके।
Share this content:
