टीम इंडिया के टेस्ट प्लेयर नंबर-318: अंशुल कंबोज का सपना हुआ पूरा, IPL की दो चैंपियन टीमों का रह चुके हैं हिस्सा
मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के चौथे मुकाबले में भारत की प्लेइंग XI में एक बड़ा बदलाव हुआ, जिसने क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा। तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला और इसके साथ ही वह भारत के टेस्ट कैप नंबर 318 बन गए। यह उपलब्धि उनके कठिन संघर्ष, निरंतर मेहनत और बेहतरीन घरेलू प्रदर्शन का नतीजा है।
दरअसल, अंशुल कंबोज को शुरुआत में इंग्लैंड दौरे के लिए मुख्य भारतीय टीम में जगह नहीं मिली थी, बल्कि वे इंडिया-ए टीम का हिस्सा थे। इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेली गई सीरीज में उन्होंने प्रभावशाली प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बाद वे स्वदेश लौट आए। फिर लॉर्ड्स टेस्ट में भारत की हार और आकाश दीप व अर्शदीप सिंह के चोटिल होने के बाद अंशुल को बतौर कवर खिलाड़ी बुलाया गया और आखिरकार मैनचेस्टर टेस्ट में उन्हें डेब्यू का मौका मिला।
अंशुल के क्रिकेटिंग करियर की बात करें तो वे ग्लेन मैक्ग्रा को अपना आदर्श मानते हैं और उन्हीं की तरह सटीक लाइन-लेंथ और अनुशासित बॉलिंग के लिए जाने जाते हैं। वे हरियाणा की टीम से अंडर-14 से लेकर सीनियर टीम तक का सफर तय कर चुके हैं। साल 2019 में उनका चयन अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम में भी हुआ था, लेकिन चोट के कारण अंतिम समय में बाहर हो गए।
2023 की विजय हजारे ट्रॉफी में हरियाणा की जीत में अंशुल का प्रदर्शन निर्णायक रहा। उन्होंने 10 मैचों में 17 विकेट झटके और इसके बाद आईपीएल 2024 में मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख में खरीदा। हालांकि, उन्हें तीन ही मैचों में मौका मिला और फिर फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें रिलीज कर दिया। इसके बाद रणजी ट्रॉफी में केरल के खिलाफ एक पारी में 10 विकेट लेकर उन्होंने तहलका मचा दिया और इसी दम पर आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 3.8 करोड़ रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बना लिया।
अब तक के आंकड़े बताएं तो अंशुल कंबोज ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 24 मैचों में 79 विकेट लिए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 49 रन देकर 10 विकेट है। लिस्ट ए में उन्होंने 25 मैचों में 40 विकेट और टी20 में 30 मैचों में 34 विकेट झटके हैं। आईपीएल में वह अब तक 11 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 10 विकेट हासिल किए हैं।
अंशुल की यह कहानी इस बात का प्रमाण है कि मेहनत और सही समय पर मिला मौका किसी भी युवा खिलाड़ी का करियर बदल सकता है। अब सभी की निगाहें इस युवा तेज़ गेंदबाज़ पर हैं कि वह टेस्ट क्रिकेट में अपने डेब्यू को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाते हैं।
Share this content:
