April 20, 2026

जब मौत को मात देकर लौटे अमिताभ बच्चन: 8 घंटे के ऑपरेशन के बाद निकले थे कोमा से बाहर

हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन के जीवन में 43 साल पहले एक ऐसा मोड़ आया था, जब उनका जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष शुरू हो गया था। यह हादसा फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान हुआ था, जब एक फाइट सीन के दौरान उन्हें गंभीर चोट लग गई थी। इस चोट ने उन्हें न सिर्फ अस्पताल के बिस्तर पर पहुँचा दिया, बल्कि कोमा की स्थिति में भी पहुंचा दिया था।

घटना 26 जुलाई 1982 की है जब बेंगलुरु में ‘कुली’ फिल्म की शूटिंग चल रही थी। एक्शन सीन के दौरान अभिनेता पुनीत इस्सर का एक मुक्का अमिताभ बच्चन को इतना गहरा लगा कि उनकी आंत फट गई। शुरू में तीन दिन तक उनकी हालत गंभीर बनी रही, लेकिन चौथे दिन अचानक उनकी तबीयत और बिगड़ गई और वह कोमा में चले गए।

इसके बाद डॉक्टरों ने तुरंत उन्हें बेंगलुरु से मुंबई शिफ्ट किया। हालत इतनी नाजुक थी कि एक समय डॉक्टरों ने उन्हें क्लिनिकली डेड तक घोषित कर दिया था। हालांकि, लाखों चाहने वालों की दुआओं और डॉक्टरों की मेहनत से ‘सदी के महानायक’ ने मौत को भी मात दे दी।

मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में जब उन्हें लाया गया तो रास्ते में टांके खुल गए और उन्हें दोबारा ऑपरेशन की जरूरत पड़ी। यह ऑपरेशन पूरे 8 घंटे चला और बेहद जटिल था। इस सर्जरी के बाद धीरे-धीरे उनकी हालत में सुधार हुआ और 24 सितंबर 1982 को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई।

इस हादसे के बाद भी अमिताभ बच्चन ने न केवल वापसी की, बल्कि पूरे जोश और जज्बे के साथ अभिनय की दुनिया में अपने कदम और मजबूत किए। आज भी, आठ दशक की उम्र पार करने के बावजूद वे इंडस्ट्री में सक्रिय हैं और करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!