अमेरिका ने ताइवान को दिया यूक्रेन जैसा धोखा, चीन से रिश्तों की डील में ताइवान को किया दरकिनार
ताइवान के साथ अमेरिका के हालिया व्यवहार को लेकर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मच गई है। अमेरिका ने एक के बाद एक दो ऐसे फैसले लिए हैं, जो सीधे तौर पर ताइवान को झटका देने वाले हैं। इन फैसलों से ताइवान न सिर्फ कूटनीतिक रूप से बैकफुट पर है, बल्कि अमेरिका की नीयत पर भी सवाल उठने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह वही रणनीति है जो कभी अमेरिका ने रूस को खुश करने के लिए यूक्रेन के साथ अपनाई थी।
फाइनेंसियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने चीन से अपने संबंध बिगड़ने के डर से ताइवान की अहम बैठकों और विदेश दौरे को रद्द करवाया। जून 2025 के अंत में ताइवान के रक्षा मंत्री की पेंटागन के उपसचिव से बैठक प्रस्तावित थी, जिसमें चीन के संभावित आक्रमण को लेकर रणनीति पर चर्चा होनी थी। लेकिन ऐन वक्त पर अमेरिका ने बिना कोई वजह बताए यह मीटिंग रद्द कर दी, जिससे ताइवान को गहरा झटका लगा।
इसके बाद दूसरा बड़ा झटका तब लगा जब ताइवान के राष्ट्रपति को अमेरिका और अन्य देशों के प्रस्तावित दौरे के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति से मिलने का वक्त नहीं दिया गया। यह दौरा अगस्त की शुरुआत में होना था और इसका मकसद रक्षा सहयोग और राजनीतिक समर्थन जुटाना था। अमेरिकी प्रशासन के रवैये से निराश होकर ताइवान के राष्ट्रपति ने दौरा ही रद्द कर दिया।
इन घटनाओं के बीच चीन अपनी रणनीति पर चुपचाप आगे बढ़ रहा है। टाइम्स मैगजीन के मुताबिक, चीन बिना युद्ध के ताइवान पर कब्जे की योजना पर काम कर रहा है। उसका लक्ष्य है कि 2027 तक ताइवान को पूरी तरह अपने अधीन कर ले। चीन यह प्रयास सैन्य बल से नहीं, बल्कि जनभावनाओं को बदलकर करना चाहता है।
ताइवान पब्लिक ओपिनियन फाउंडेशन के हालिया सर्वे में यह बात भी सामने आई है कि अब 49% ताइवानी नागरिक चीन को पश्चिमी देशों से बेहतर मानते हैं, जबकि 43% लोग चीन के खिलाफ हैं। यानी अब चीन समर्थक नागरिकों की संख्या बढ़ रही है, जो चीन के ‘बिना गोली चलाए कब्जे’ की रणनीति को सफल बनाने में मदद कर सकती है।
चीन पहले भी कह चुका है कि वह ताइवान पर हमला नहीं करेगा, क्योंकि वहां के लोग उसके अपने हैं। उसका असली टकराव जापान और फिलीपींस से है। ऐसे में अमेरिका का ताइवान से मुंह मोड़ना न सिर्फ ताइवान के लिए संकट की घड़ी है, बल्कि एशियाई भू-राजनीति के लिए भी बड़ा खतरा बन सकता है।
Share this content:
