देवताओं की दीपावली है देव दीपावली, क्यों मनाया जाता है यह भव्य दीपोत्सव, त्रिपुरासुर पर भगवान शिव की विजय से जुड़ी है मान्यता
लखनऊ। दीपावली के ठीक 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर देव दीपावली का पर्व मनाया जाता है। ज्योतिषाचार्य पंडित ऋषि द्विवेदी के अनुसार, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस विशेष दिन स्वर्ग से देवता पृथ्वी पर उतरकर धर्म नगरी काशी के पवित्र गंगा घाटों पर अदृश्य रूप में पहुंचते हैं और मां गंगा की भव्य महाआरती में शामिल होते हैं। यही वजह है कि इस पर्व को देवताओं की दीपावली कहा जाता है। काशी में देव दीपावली का नजारा बेहद अलौकिक और भव्य होता है। गंगा के घाटों से लेकर मंदिरों, कुंडों और तालाबों तक दीपों की जगमगाहट श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराती है।
शिव पुराण में मिलता है देव दीपावली का उल्लेख, भगवान शिव ने किया था त्रिपुरासुर का वध
देव दीपावली का उल्लेख शिव पुराण में भी मिलता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास में त्रिपुरासुर नामक शक्तिशाली राक्षस के अत्याचारों से देवता बेहद परेशान थे। उसके आतंक से मुक्ति पाने के लिए देवताओं ने भगवान शिव से प्रार्थना की। इसके बाद भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय से प्रसन्न होकर देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया। मान्यता है कि तभी से कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली मनाने की परंपरा शुरू हुई। इसके अलावा एक अन्य मान्यता के अनुसार, काशी नरेश ने युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित करने की परंपरा शुरू की थी। धीरे-धीरे यह परंपरा पूरे काशी क्षेत्र में फैल गई और आज यह पर्व काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन चुका है।
पंचगंगा घाट से शुरू हुई दीपदान की परंपरा, काशी के सभी प्रमुख घाटों पर जगमगाते हैं दीप
काशी में देव दीपावली के अवसर पर दीपदान की परंपरा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इसकी शुरुआत पंचगंगा घाट से हुई थी, लेकिन समय के साथ यह परंपरा काशी के सभी प्रमुख गंगा घाटों के साथ-साथ मंदिरों, कुंडों और तालाबों तक पहुंच गई। कार्तिक पूर्णिमा के दिन श्रद्धालु गंगा के तट पर दीप प्रज्ज्वलित कर पूजा-अर्चना करते हैं। धार्मिक विश्वास है कि इस दिन दीपदान करने से पितरों को शांति मिलती है और श्रद्धालुओं को पुण्य की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग गंगा घाटों पर पहुंचकर दीपदान करते हैं और मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
कार्तिक मास में शिव और मां गंगा की आराधना का विशेष महत्व, देव दीपावली पर उमड़ते हैं लाखों श्रद्धालु
कार्तिक मास को धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र माना जाता है। यह महीना भगवान विष्णु की आराधना के लिए विशेष महत्व रखता है, वहीं धर्म नगरी काशी में इस दौरान भगवान शिव और मां गंगा की उपासना का भी विशेष विधान है। कार्तिक पूर्णिमा के दिन देव दीपावली के अवसर पर गंगा घाटों पर होने वाली भव्य महाआरती, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठान इस पर्व की दिव्यता को और बढ़ा देते हैं। लाखों की संख्या में श्रद्धालु काशी पहुंचकर इस अलौकिक दीपोत्सव के साक्षी बनते हैं। शाम होते ही गंगा के घाट असंख्य दीपों की रोशनी से जगमगा उठते हैं और पूरा काशी क्षेत्र भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो जाता है।
Share this content:
