April 18, 2026

हैवान: अक्षय कुमार और सैफ अली खान ने शुरू की शूटिंग, प्रियदर्शन कर रहे डायरेक्शन

बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार यानी अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर साथ नजर आने वाले हैं। लंबे समय से फैन्स इस जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे थे और आखिरकार अब यह इंतजार खत्म हो गया है। अक्षय कुमार ने शनिवार, 23 अगस्त से अपनी नई फिल्म ‘हैवान’ की शूटिंग शुरू कर दी है। खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन उनके पसंदीदा डायरेक्टर प्रियदर्शन कर रहे हैं। शूटिंग सेट से अक्षय ने खुद एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सैफ अली खान और प्रियदर्शन भी नजर आए।

वीडियो शेयर करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा, “हम सब ही हैं थोड़े से शैतान… कोई ऊपर से संत, कोई अंदर से हैवान. आज अपने जहाज के सबसे पसंदीदा कैप्टन प्रियदर्शन सर के साथ हैवान की शूटिंग शुरू कर रहा हूं.” इस वीडियो में अक्षय, सैफ और प्रियदर्शन हल्के-फुल्के अंदाज में मस्ती करते हुए दिखाई दिए। अक्षय ने साथ ही यह भी कहा कि लगभग 18 साल बाद सैफ अली खान के साथ काम करना उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है।

अक्षय और सैफ की जोड़ी 90 के दशक से दर्शकों की फेवरेट रही है। दोनों ने साथ में ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘ये दिल्लगी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’ और ‘कीमत’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया था। आखिरी बार यह जोड़ी साल 2008 में आई फिल्म ‘टशन’ में नजर आई थी। ऐसे में 18 साल बाद उनका दोबारा एक साथ आना फैन्स के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

जहां तक प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी की बात है, दोनों ने मिलकर कई सुपरहिट फिल्में दी हैं। ‘हेरा फेरी’ (2000), ‘गरम मसाला’ (2005), ‘भागम भाग’ (2006), ‘भूल भुलैया’ (2007), ‘दे दना दन’ (2009) और ‘खट्टा मीठा’ (2010) जैसी फिल्मों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। अब एक बार फिर प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी दर्शकों को हंसाने और रोमांचित करने के लिए तैयार है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय और प्रियदर्शन आने वाले समय में ‘हेरा फेरी 3’ और ‘भूत बंगला’ जैसी फिल्मों पर भी साथ काम करेंगे। ऐसे में ‘हैवान’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत की तरह मानी जा रही है, जिसमें पुराने दौर की स्टार जोड़ी और दर्शकों का फेवरेट डायरेक्टर एक साथ आए हैं। फिल्म की कहानी और किरदारों को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन शूटिंग शुरू होते ही यह प्रोजेक्ट चर्चा का विषय बन गया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!