फिर आई एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी, हांगकांग से दिल्ली जा रही फ्लाइट बीच रास्ते लौटी वापस
एक बार फिर एयर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट में तकनीकी खराबी की घटना सामने आई है। हांगकांग से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI315 को उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद इंजन में खराबी महसूस हुई, जिसके चलते पायलट ने विमान को वापस हांगकांग ले जाने का निर्णय लिया। यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर थी, जो लंबे अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
फ्लाइट के दौरान इंजन में गड़बड़ी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और फ्लाइट को सुरक्षित रूप से वापस हांगकांग एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
गौरतलब है कि 12 जून को एयर इंडिया का एक अन्य बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद में क्रैश हो गया था, जिसमें 297 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे। इस हादसे के बाद एयर इंडिया के विमानों की सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर सवाल और कड़े हो गए हैं।
बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर की खासियत यह है कि इसमें दो इंजन होते हैं और यह विमान ईंधन की कम खपत करता है। यह 8,500 समुद्री मील तक उड़ान भरने की क्षमता रखता है और इसका आधा ढांचा हल्के वजन की मिश्रित सामग्री से बना होता है।
लगातार हो रही तकनीकी खामियों के चलते एयर इंडिया की सुरक्षा प्रणाली और विमान रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, खासकर जब हाल ही में इतने बड़े हादसे के बाद भी एक और तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। अब देखना होगा कि इस मामले में टाटा समूह की एयरलाइन क्या ठोस कदम उठाती है।
Share this content:
