April 30, 2026

आगरा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कंटेनर ने दो ऑटो को रौंदा, 5 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना खंदौली क्षेत्र के नगला चंदन जलेसर रोड पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने सवारियों से भरे दो ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

जानकारी के अनुसार, दोनों ऑटो में सवार यात्री जगन्नाथ पुरी के दर्शन कर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहा बॉडी बंद कंटेनर, जो कोलकाता की ओर सामान लेकर जा रहा था, तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर ऑटो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर मलबा बिखर गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात को काबू में लिया। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया ताकि घायलों को समय पर इलाज मिल सके।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल कमिश्नर रामबदन सिंह, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य सिंह, ACP देवेश सिंह, SDM सुमित सिंह और स्थानीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

पुलिस ने पांचों मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कंटेनर की तेज रफ्तार बताई जा रही है। कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!