एफडी पर ब्याज घटा, बैंक ऑफ इंडिया ने 400 दिन वाली स्पेशल स्कीम भी की बंद
पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ इंडिया ने फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर मिलने वाले ब्याज में कटौती का ऐलान किया है। इसके साथ ही बैंक ने 400 दिन वाली स्पेशल एफडी स्कीम को भी बंद कर दिया है, जिस पर सामान्य नागरिकों को 7.30 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा था। बैंक ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि नई ब्याज दरें 15 अप्रैल 2025 से लागू हो जाएंगी।
91 दिनों से 179 दिनों की एफडी पर अब 4.25 प्रतिशत ब्याज मिलेगा, जो पहले 4.50 प्रतिशत था। यानी इस अवधि पर 25 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की गई है। इसी तरह 180 दिनों से लेकर 1 साल से कम अवधि की एफडी पर ब्याज दर 6.00 प्रतिशत से घटाकर 5.75 प्रतिशत कर दी गई है। एक साल की अवधि वाली एफडी पर भी अब ब्याज 7.00 प्रतिशत के बजाय 6.80 प्रतिशत मिलेगा, यानी 20 बेसिस पॉइंट्स की कटौती की गई है।
बैंक ने 1 साल से ज्यादा और 2 साल से कम अवधि की एफडी स्कीम पर केवल 5 बेसिस पॉइंट्स की मामूली कटौती की है। अब इस अवधि की एफडी पर 6.80 प्रतिशत की जगह 6.75 प्रतिशत ब्याज मिलेगा।
गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट में कटौती किए जाने के बाद से ही बैंकों ने कर्ज सस्ता करना शुरू कर दिया है और इसके साथ ही एफडी पर मिलने वाले ब्याज दरों में भी कमी की जा रही है। हाल ही में बैंक ऑफ महाराष्ट्र और भारतीय स्टेट बैंक ने भी लोन की ब्याज दरों में 25 बेसिस पॉइंट्स यानी 0.25 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की थी।
Share this content:
