दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने से पहले चेक करें टर्मिनल, इंडिगो और अकासा एयर ने किया बदलाव
अगर आज आपकी फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट से है, तो घर से निकलने से पहले टर्मिनल की जानकारी जरूर चेक कर लें। इंडिगो और अकासा एयर ने अपनी सभी घरेलू उड़ानों का संचालन अब टर्मिनल 2 से हटाकर टर्मिनल 1 पर स्थानांतरित कर दिया है। यह बदलाव 15 अप्रैल से लागू हो गया है क्योंकि टर्मिनल 2 को मेंटेनेंस के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, टर्मिनल 1 को अब पूरी तरह चालू कर दिया गया है और यहीं से दोनों एयरलाइंस की उड़ानें संचालित होंगी।
इंडिगो ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी फ्लाइट का प्रस्थान और आगमन टर्मिनल जांच लें। इसके लिए एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर पीएनआर नंबर डालकर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। वहीं, अकासा एयर ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए यह सूचना दी है कि उसकी सभी फ्लाइट्स अब टर्मिनल 1डी से ही ऑपरेट होंगी।
इंडिगो और अकासा एयर की फ्लाइट्स पहले टर्मिनल 2 से ऑपरेट होती थीं, जहां रोजाना करीब 270-280 फ्लाइट मूवमेंट और 46,000 से ज्यादा यात्रियों को सेवाएं दी जाती थीं। दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे बड़ा और व्यस्ततम एयरपोर्ट है, जिसे डायल (DIAL) ऑपरेट करता है। इसमें तीन टर्मिनल—टी1, टी2 और टी3—और चार रनवे मौजूद हैं। मौजूदा समय में टर्मिनल 1 और टर्मिनल 2 का उपयोग सिर्फ घरेलू उड़ानों के लिए किया जा रहा है।
Share this content:
