April 29, 2026

Aamir Khan: चौपट हुआ प्लान! 500 करोड़ी फिल्म के बाद, आमिर खान ने छोड़ी लोकेश कनगराज की सुपरहीरो मूवी?

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्हें रजनीकांत की ब्लॉकबस्टर फिल्म कुली में एक खास कैमियो करते देखा गया था। लोकेश कनगराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया और आमिर का लुक व उनकी स्क्रीन प्रेजेंस खूब चर्चा में रही। इसी दौरान खबरें आई थीं कि आमिर खान और लोकेश कनगराज मिलकर एक सुपरहीरो फिल्म पर काम करने जा रहे हैं। लेकिन अब जो जानकारी सामने आ रही है, वह फैन्स को निराश कर सकती है। बताया जा रहा है कि यह मचअवेटेड प्रोजेक्ट बनने से पहले ही ठंडे बस्ते में चला गया है।

दरअसल, आमिर खान ने अपनी फिल्म सितारे ज़मीन पर के प्रमोशन के दौरान साफ किया था कि उनका अगला बड़ा प्रोजेक्ट लोकेश कनगराज के साथ सुपरहीरो फिल्म होगी। इस बयान के बाद फैन्स की उम्मीदें और बढ़ गई थीं। लेकिन अब सूत्रों के हवाले से यह बात सामने आई है कि फिल्म को फिलहाल रोक दिया गया है। वजह बताई जा रही है क्रिएटिव डिफरेंसेस, यानी आमिर और लोकेश के काम करने के तरीके में बुनियादी मतभेद।

खबरों के मुताबिक, आमिर खान अपनी फिल्मों की बारीकी पर बहुत ध्यान देते हैं। वे शूटिंग शुरू होने से पहले ही पूरी स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले लॉक कर लेना पसंद करते हैं ताकि बाद में किसी तरह की गड़बड़ी न हो। वहीं, तमिल फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना चुके लोकेश कनगराज का तरीका बिल्कुल उल्टा है। वह शूटिंग के दौरान भी सीन को विकसित और इम्प्रोवाइज करना पसंद करते हैं। यही वजह रही कि दोनों के विज़न में तालमेल नहीं बैठ पाया और प्रोजेक्ट को होल्ड करने का फैसला लेना पड़ा।

रिपोर्ट्स की मानें तो हालांकि यह फैसला अचानक लिया गया, लेकिन आमिर और लोकेश ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया है। दोनों के बीच किसी तरह का मनमुटाव नहीं हुआ है, बल्कि वे अच्छे रिश्तों के साथ अलग हुए हैं। यह भी कहा जा रहा है कि दोनों भविष्य में किसी और प्रोजेक्ट पर साथ काम कर सकते हैं। हालांकि फिलहाल सुपरहीरो फिल्म पर आगे काम नहीं होगा।

यह भी चर्चा है कि आमिर खान चाहते थे कि लोकेश इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की नई परिभाषा बनाने वाले प्रोजेक्ट की तरह गंभीरता से लें। आमिर का मानना था कि इस फिल्म की तैयारी और प्री-प्रोडक्शन पर ज्यादा समय दिया जाना चाहिए। वहीं, लोकेश अपने तरीके से फिल्म को लेकर आश्वस्त थे और वह सेट पर ही बदलाव करने में विश्वास करते हैं। इन क्रिएटिव मतभेदों ने आखिरकार इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को अधर में लटका दिया।

फिलहाल फैन्स को आमिर खान के अगले बड़े प्रोजेक्ट का इंतजार रहेगा। जबकि लोकेश कनगराज पहले से ही तमिल इंडस्ट्री में कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। देखने वाली बात यह होगी कि दोनों कब और किस प्रोजेक्ट में फिर से साथ आते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!