UP BJP अध्यक्ष पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा तीखा निशाना: चुनाव से पहले ही ICU में पहुंचा सपा-कांग्रेस गठबंधन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि चुनाव से पहले ही दोनों दलों की दोस्ती आईसीयू में पहुंच चुकी है। गठबंधन के भीतर जिस तरह की बयानबाजी और खींचतान सामने आ रही है, उससे साफ है कि दोनों दलों के बीच सबकुछ ठीक नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब चुनावी मैदान में हार की औपचारिकता ही बाकी रह गई है।

झूठे वादों से जनता को नहीं कर पाएंगे गुमराह: पंकज चौधरी

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी के आगामी घोषणापत्र को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि झूठे वादों के सहारे सपा अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही है, लेकिन जनता उसके पिछले घोषणापत्र और वादों को पहले भी देख चुकी है। इस बार भी जनता ऐसे वादों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने दावा किया कि सपा का घोषणापत्र ही उसकी हार की गारंटी सुनिश्चित कर देगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, जनता अब सपा के वादों और दावों पर भरोसा करने वाली नहीं है।

181 सीटों की सूची पर कांग्रेस, सपा ने 26 सीटें देने की बात कही

सपा-कांग्रेस गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान का जिक्र करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी को 181 सीटों की सूची सौंपी थी, लेकिन इसके जवाब में सपा ने कांग्रेस को केवल 26 सीटें देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि गठबंधन में अभी सीटों का बंटवारा पूरी तरह तय भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं।

गठबंधन में तालमेल की कमी को लेकर उठाए सवाल

पंकज चौधरी ने कहा कि सीटों के बंटवारे से पहले ही प्रत्याशियों की घोषणा और दोनों दलों के नेताओं के बीच जारी बयानबाजी गठबंधन की अंदरूनी स्थिति को उजागर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस के बीच आपसी तालमेल का अभाव है और दोनों दलों के बीच खींचतान लगातार बढ़ रही है। उनके मुताबिक, चुनाव से पहले ही गठबंधन में जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उससे दोनों पार्टियों के बीच राजनीतिक साझेदारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Share this content:

About The Author

You may have missed