AI Impact Summit 2026: मुकेश अंबानी का बड़ा ऐलान, AI में 10 लाख करोड़ रुपये निवेश करेगी Reliance Industries
भारत को वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस महाशक्ति बनाने के लक्ष्य के साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने AI क्षेत्र में बड़े निवेश की घोषणा की है। AI Impact Summit 2026 में उन्होंने कहा कि Jio और रिलायंस मिलकर अगले सात वर्षों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर में 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। अंबानी ने इसे भारत के भविष्य को बदलने वाला कदम बताते हुए कहा कि यह कोई अनुमान आधारित निवेश नहीं, बल्कि देश की क्षमता पर विश्वास का परिणाम है।
मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत के पास जनसंख्या, लोकतंत्र, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, डेटा जनरेशन और तकनीकी विकास जैसे कई ऐसे कारक हैं, जो उसे 21वीं सदी में AI क्षेत्र की वैश्विक ताकत बना सकते हैं। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल डेटा उपभोक्ता बताते हुए कहा कि देश में इंटरनेट डेटा की लागत दुनिया में सबसे कम है और डिजिटल सेवाओं की गुणवत्ता शहरों से लेकर दूरदराज के गांवों तक समान है।
उन्होंने भारत के तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम को भी AI क्रांति की मजबूत नींव बताया। देश में 1 अरब से अधिक इंटरनेट यूजर्स, 1 लाख से ज्यादा स्टार्टअप और 100 से अधिक यूनिकॉर्न कंपनियों के साथ भारत दुनिया के शीर्ष स्टार्टअप इकोसिस्टम में शामिल है। अंबानी के अनुसार, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और व्यापक कनेक्टिविटी AI तकनीक के विस्तार में अहम भूमिका निभाएंगे।
AI सेक्टर की चुनौतियों पर बात करते हुए मुकेश अंबानी ने कहा कि इस क्षेत्र में सबसे बड़ी बाधा प्रतिभा या कल्पना की कमी नहीं, बल्कि कंप्यूटिंग संसाधनों की सीमित उपलब्धता और उसकी ऊंची लागत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत को तकनीकी क्षमता के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना चाहिए और देश में AI की लागत को उसी तरह कम किया जाएगा, जैसे डेटा सेवाओं को सस्ता किया गया था।
Share this content:
