नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल के लिए तीन वेन्यू तय, दिल्ली और मुंबई को नहीं मिला कोई नॉकआउट मैच
भारत और श्रीलंका में अगले साल फरवरी-मार्च में होने वाले मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार टूर्नामेंट में 20 टीमें हिस्सा लेंगी और इसके लिए भारत के पांच व श्रीलंका के तीन स्टेडियम को वेन्यू के तौर पर चुना गया है। खास बात यह है कि सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए तीन मैदान तय कर दिए गए हैं, लेकिन दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों को नॉकआउट मैचों की मेजबानी से वंचित रखा गया है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, सेमीफाइनल मुकाबलों के लिए भारत में कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडन गार्डन्स स्टेडियम और अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम को चुना गया है। वहीं, श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में भी एक सेमीफाइनल खेला जाएगा। बताया जा रहा है कि पाकिस्तान टीम अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगी, और अगर वह या श्रीलंका सेमीफाइनल में पहुंचते हैं तो उनका मुकाबला कोलंबो में ही कराया जाएगा। यह फैसला ICC और BCCI के बीच सहमति से लिया गया है।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम और मुंबई के वानखेडे स्टेडियम को नॉकआउट मैचों से बाहर रखे जाने से क्रिकेट फैंस में निराशा है। हालांकि, फाइनल मुकाबले के वेन्यू का ऐलान अभी नहीं हुआ है। माना जा रहा है कि अगर भारत फाइनल में पहुंचता है तो अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम ट्रॉफी मुकाबले की मेजबानी करेगा। वहीं, अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो मुकाबला कोलंबो में आयोजित किया जा सकता है।
भारत में टी20 वर्ल्ड कप के मैच दिल्ली, कोलकाता, मुंबई, चेन्नई और अहमदाबाद में होंगे, जबकि श्रीलंका में कोलंबो के दो और कैंडी के एक स्टेडियम को शामिल किया गया है। टूर्नामेंट का फॉर्मेट पिछले वर्ल्ड कप जैसा रहेगा, जिसमें 20 टीमों को चार ग्रुप में बांटा जाएगा। हर ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सुपर-8 में पहुंचेंगी और फिर चार टीमों का चयन सेमीफाइनल के लिए किया जाएगा।
इस बार भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से विश्व क्रिकेट के सबसे रोमांचक टूर्नामेंट की मेजबानी करने जा रहे हैं, जिससे दोनों देशों के दर्शकों को बड़े मुकाबलों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
Share this content:
