शाहरुख खान बर्थडे: दुनिया के सबसे रईस एक्टर की पहली कमाई थी सिर्फ 50 रुपये, आज है 12,490 करोड़ की संपत्ति के मालिक
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज अपना 60वां जन्मदिन मना रहे हैं। 2 नवंबर 1965 को दिल्ली में जन्मे शाहरुख खान ने अपने अभिनय और मेहनत से न सिर्फ भारत बल्कि पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वे न केवल बॉलीवुड के सुपरस्टार हैं, बल्कि दुनिया के सबसे अमीर अभिनेताओं में भी शुमार हैं। हालांकि, उनकी यह चमकदार सफलता बहुत छोटे कदमों से शुरू हुई थी, जिसकी शुरुआत महज 50 रुपये की कमाई से हुई थी।
शाहरुख खान ने अपने करियर की शुरुआत टेलीविजन से की थी। उन्होंने 1980 के दशक के अंत में ‘फौजी’ और ‘सर्कस’ जैसे टीवी शोज़ में काम किया, जहां उनके अभिनय ने दर्शकों का ध्यान खींचा। कुछ ही समय बाद उन्हें बॉलीवुड से ऑफर मिला और 1992 में फिल्म दीवाना से उन्होंने बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। इस फिल्म के बाद तो मानो शाहरुख खान का सितारा बुलंदियों पर पहुंच गया। अपनी पहली ही फिल्म से उन्होंने यह साबित कर दिया कि वे लंबे रेस के खिलाड़ी हैं।
लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि सुपरस्टार बनने से पहले शाहरुख खान की पहली कमाई केवल 50 रुपये थी। एक इंटरव्यू में उन्होंने खुद यह खुलासा किया था कि यह रकम उन्होंने दिवंगत गायक पंकज उधास के एक कार्यक्रम में काम करके अर्जित की थी। उस शो में शाहरुख की जिम्मेदारी दर्शकों के टिकट देखकर उन्हें एंट्री देने की थी। उन पैसों से उन्होंने आगरा जाकर ताजमहल देखा था। यह किस्सा आज भी उनके संघर्ष के दिनों की सबसे प्रेरणादायक कहानी मानी जाती है।
आज वही शाहरुख खान दुनिया के सबसे रईस एक्टर्स में पहले स्थान पर हैं। हाल ही में जारी हुरुन रिच लिस्ट 2025 के मुताबिक, उनके पास लगभग 12,490 करोड़ रुपये की संपत्ति है। यह आंकड़ा न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में किसी भी अभिनेता के लिए सबसे अधिक है। उनका आलीशान बंगला ‘मन्नत’, करोड़ों की कारों का कलेक्शन और रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट जैसी प्रोडक्शन कंपनी उनकी सफलता की मिसाल हैं।
अपने तीन दशक लंबे करियर में शाहरुख खान ने ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘करण अर्जुन’, ‘दिल तो पागल है’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘देवदास’, ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘पठान’, ‘जवान’, ‘डंकी’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से सिनेमा के इतिहास में एक अलग पहचान बनाई है। शाहरुख सिर्फ एक अभिनेता नहीं, बल्कि मेहनत, जुनून और सपनों को हकीकत में बदलने की प्रेरणा हैं। 50 रुपये से शुरुआत करने वाले इस कलाकार ने यह साबित कर दिया कि सपने अगर सच्चे हों तो पूरी दुनिया झुक सकती है।
Share this content:
