May 1, 2026

Bigg Boss 19: कैप्टन बनते ही प्रणित मोरे ने दिखाया तानाशाही रवैया, राशन कम होने पर मचा हंगामा, गौरव खन्ना ने किचन में फोड़ा गुस्सा

बिग बॉस 19 के लेटेस्ट एपिसोड में कैप्टेंसी टास्क के आखिरी राउंड ने घर का माहौल पूरी तरह बदल दिया। प्रणित मोरे के कैप्टन बनते ही घर में हंगामे और झगड़ों की झड़ी लग गई। राशन, ड्यूटी और रिश्तों पर तकरार इतनी बढ़ गई कि किचन से लेकर गार्डन एरिया तक माहौल गर्म रहा।

सलमान खान के रियलिटी शो बिग बॉस 19 का नया एपिसोड ड्रामा, तकरार और इमोशनल ट्विस्ट से भरपूर रहा। एपिसोड की शुरुआत वीकली राशन टास्क से हुई, जहां नीलम गिरी और कुनिका सदानंद ने अशनूर कौर को ब्लॉक करने की कोशिश की। इसका फायदा प्रणित मोरे को मिला और वो घर के नए कैप्टन बन गए। लेकिन कैप्टन बनने के बाद ही उन्होंने ऐसा फैसला लिया जिसने घरवालों की मुश्किलें बढ़ा दीं। बिग बॉस की ओर से घर को सिर्फ 50% राशन और तीन अतिरिक्त आइटम मिले, जिससे सभी सदस्य नाराज हो गए।

राशन की कमी के बीच घर में ड्यूटी बांटने को लेकर भी विवाद शुरू हो गया। कैप्टन प्रणित ने नीलम को डिनर की जिम्मेदारी दी, जिस पर फरहाना भट्ट ने सवाल उठाया कि नीलम जो पहले काम से मना कर रही थीं, अब कैसे किचन संभाल रही हैं। तान्या मित्तल ने नीलम का पक्ष लिया, तो फरहाना ने उन्हें भी चेतावनी दे डाली। इसी दौरान गौरव खन्ना का गुस्सा चरम पर पहुंच गया। उन्होंने कहा, “टूटी टांग के साथ जितना काम कर सकता हूं, कर रहा हूं, कोई जबरदस्ती नहीं करा सकता।” गौरव की यह बात सुनकर माहौल और बिगड़ गया।

इधर, मालती चाहर और अमाल मलिक के बीच ‘गटर’ शब्द को लेकर तकरार देखने को मिली। मालती ने गुस्से में अमाल को गटर कहा, जिस पर अमाल भड़क गए और कहा कि उन्हें सम्मान के साथ बात करनी चाहिए। मामला इतना बढ़ा कि तान्या मित्तल भी इसमें कूद पड़ीं और अमाल को उकसाने की बात कह डाली। मालती ने पलटवार करते हुए कहा कि गटर शब्द सबसे पहले अमाल ने ही उनके लिए इस्तेमाल किया था।

हंगामा यहीं खत्म नहीं हुआ। दोपहर में लंच के दौरान गौरव और अभिषेक बजाज के बीच बहस हो गई जब अभिषेक अपने लिए नाश्ता बनाने लगे। झगड़े के बीच अशनूर कौर के हाथ पर गरम दाल गिर गई, जिससे वह घायल हो गईं। गौरव ने इस हादसे के लिए अभिषेक को जिम्मेदार ठहराया और पूरे घर पर गुस्सा उतारा। दिनभर चले विवादों के बाद भले ही थोड़ी देर के लिए मिमिक्री टास्क ने घर का माहौल हल्का किया, लेकिन रात में फिर इमोशनल ड्रामा शुरू हो गया।

देर रात फरहाना भट्ट और अभिषेक को बातें करते देखकर अशनूर नाराज हो गईं और खुद को अलग कर लिया। बाद में उन्होंने कहा कि उन्हें किसी के बात करने से नहीं, बल्कि “जबर्दस्ती रिश्ते बनाने की कोशिश” से परेशानी हुई। इस एपिसोड ने साफ कर दिया कि बिग बॉस 19 का घर इस हफ्ते भी शांति से बहुत दूर है — जहां कैप्टेंसी के साथ आई जिम्मेदारी ने रिश्तों की परीक्षा और झगड़ों की गर्मी दोनों को बढ़ा दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!