लखनऊ: सपा में शामिल हुए कई नेता, अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज
लखनऊ के सपा मुख्यालय में शनिवार को कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थामा। इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत किया और कहा कि इन नेताओं के आने से पीडीए की लड़ाई और मजबूत होगी। सपा में शामिल हुए नेताओं में देवेंद्र कुशवाहा, नदीम अशरफ, रणवीर सिंह गौतम अहिरवार और गाजीपुर से श्यामलाल बिंद प्रमुख थे।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि दिवाली पर फुस्स फुलझड़ी से क्या उम्मीद की जा सकती है। उन्होंने कहा, “जिसने बिजली बनाई नहीं, वो बिजली देगा कैसे?” इसके साथ ही उन्होंने बिजली के निजीकरण पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार इसे पूरा नहीं कर पा रही है।
अखिलेश ने यह भी कहा कि सपा के समय में बजट चार लाख करोड़ रुपये का था और इस दौरान स्टेडियम, मेट्रो और एक्सप्रेसवे जैसे बड़े काम हुए। वहीं वर्तमान सरकार के पास आठ लाख करोड़ का बजट है, लेकिन काम का पता नहीं है और विभागों में चोरी नहीं रोकी जा रही।
सपा अध्यक्ष ने दिवाली पर कुम्हारों को राहत देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर एक करोड़ दीये कुम्हारों से खरीदे जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने कानपुर के एक मामले का भी ज़िक्र किया और कहा कि बुलडोजर कार्रवाई के दौरान सरकार के कई अफसर फंस सकते हैं, लेकिन अब इसके खिलाफ कोई केस नहीं दर्ज किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए के सामाजिक और बाबा साहब के आंदोलनों में कई लोग जुड़ रहे हैं और इससे सपा की राजनीतिक ताकत बढ़ेगी। साथ ही उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि धनतेरस के मौके पर किसी के बारे में ज्यादा भला-बुरा न कहें।
Share this content:
