Silent Heart Attack: बिना लक्षणों वाला जानलेवा खतरा, जानें कैसे पहचानें और बचें इससे
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हार्ट से जुड़ी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। तनाव, खराब दिनचर्या और असंतुलित खानपान के कारण अब एक नई समस्या उभर रही है — साइलेंट हार्ट अटैक। डॉक्टरों के अनुसार, यह ऐसा दिल का दौरा होता है जिसमें मरीज को सामान्य हार्ट अटैक जैसे तेज दर्द या बेचैनी महसूस नहीं होती। यही वजह है कि इसे “साइलेंट” कहा जाता है, क्योंकि यह चुपचाप दिल को नुकसान पहुंचाता है और कई बार तब पता चलता है जब स्थिति गंभीर हो चुकी होती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की रिपोर्ट के मुताबिक, हर साल करीब 1.8 करोड़ लोगों की मौत हार्ट संबंधी बीमारियों से होती है, जिनमें से लगभग एक-तिहाई हार्ट अटैक के शिकार होते हैं। साइलेंट हार्ट अटैक का मुख्य कारण है दिल की नसों में कोलेस्ट्रॉल या फैट का जमना, जिससे रक्त प्रवाह बाधित हो जाता है। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा, धूम्रपान, अधिक तनाव और अनियमित जीवनशैली इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। खास बात यह है कि 40 वर्ष से अधिक उम्र के लोग, खासकर डायबिटीज के मरीज, इसका अधिक शिकार बनते हैं।
राजीव गांधी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अजीत जैन बताते हैं कि साइलेंट हार्ट अटैक के लक्षण बहुत हल्के या असामान्य होते हैं। इसमें सीने में हल्का दबाव या जलन, पीठ या गर्दन में दर्द, सांस फूलना, अचानक थकान, पसीना आना या उलझन महसूस होना शामिल है। कई लोग इसे गैस या एसिडिटी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। डायबिटीज के मरीजों में दर्द का अहसास कम होता है, इसलिए उनमें यह हार्ट अटैक बिना किसी स्पष्ट दर्द के भी हो सकता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बार-बार थकान, नींद में दिक्कत या हल्का सीने में दबाव महसूस हो तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। ECG या अन्य हृदय जांच के जरिए इसे समय पर पहचाना जा सकता है। सही समय पर इलाज से बड़ा नुकसान रोका जा सकता है।
साइलेंट हार्ट अटैक से बचाव के लिए नियमित रूप से ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल की जांच करें। रोजाना कम से कम 30 मिनट व्यायाम या वॉक करें। तैलीय और मीठे भोजन से परहेज करें, धूम्रपान और शराब से दूरी बनाए रखें। पर्याप्त नींद लें और मानसिक तनाव को कम करने के लिए ध्यान या योग करें। सही जीवनशैली ही इस खतरनाक “साइलेंट किलर” से बचाव का सबसे असरदार उपाय है।
Share this content:
