May 1, 2026

पवन सिंह और पत्नी ज्योति सिंह के बीच बढ़ा विवाद, चुनाव और रिश्तों पर छिड़ी जंग

भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहा विवाद अब खुलेआम सोशल मीडिया पर आ गया है। हाल ही में लखनऊ में ज्योति सिंह और पुलिस के बीच हुए हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद, अब पवन सिंह ने पूरे मामले पर सफाई दी है।

पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट लिखते हुए कहा कि उनकी पत्नी उन पर राजनीति में उतरने और चुनाव लड़ने का दबाव बना रही हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता की भावनाओं का सम्मान करते हैं और अपने करियर में कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस नहीं पहुंचाना चाहते। पवन ने लिखा — “जनता मेरे लिए भगवान है, मैं उनकी भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं कर सकता।”

उन्होंने बताया कि ज्योति सिंह सोमवार सुबह उनके सोसाइटी में पहुंचीं, जहां उन्होंने उन्हें ससम्मान घर बुलाया और करीब डेढ़ घंटे बातचीत की। पवन के अनुसार, उस दौरान ज्योति बार-बार यही कहती रहीं कि “मुझे चुनाव लड़वाइए, कैसे भी।” एक्टर ने कहा कि चुनाव लड़वाना उनके बस की बात नहीं है। उन्होंने ये भी कहा कि सोशल मीडिया पर ये भ्रम फैलाया गया कि उन्होंने पुलिस बुलाई थी, जबकि असल में पुलिस पहले से सुरक्षा के लिए मौजूद थी ताकि किसी भी तरह की अनहोनी न हो।

वहीं, पवन सिंह की सफाई पर ज्योति सिंह ने भी जवाब दिया। उन्होंने अपने पति को सीधे संबोधित करते हुए लिखा कि सच क्या है और झूठ क्या, ये जनता को जानने का अधिकार है। उन्होंने पवन सिंह को चुनौती दी कि वे मीडिया के सामने आकर साथ बैठें, ताकि सच्चाई सबके सामने आ सके। ज्योति ने कहा — “यदि आप मुझे अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार कर लें, तो मैं चुनाव नहीं लड़ूंगी, क्योंकि हम सत्ता के लिए अपनों का इस्तेमाल नहीं करते।”

ज्योति सिंह ने पवन के इस दावे को भी गलत बताया कि वह उनके घर में डेढ़ घंटे तक बैठी थीं। उन्होंने कहा कि उनके आने-जाने का पूरा सबूत सीसीटीवी में मौजूद है और अगर पवन सिंह सच बोल रहे हैं, तो वे जनता के सामने आकर इस वीडियो को दिखाएं।

बता दें कि दोनों के बीच तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में ज्योति सिंह पवन सिंह के साथ प्रचार करते दिखी थीं, लेकिन बाद में रिश्तों में खटास आने लगी। अब दोनों के बीच यह विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है और सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी से यह मामला राजनीतिक रंग ले चुका है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!