April 30, 2026

IND vs PAK Final: तिलक और कुलदीप की जोड़ी ने लिखी जीत की कहानी, टीम इंडिया 9वीं बार एशियन चैंपियन

पाकिस्तान को हराकर भारत ने एशिया कप 2025 का खिताब जीता, टूर्नामेंट में बनाई पाकिस्तान पर जीत की हैट्रिक

दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार, 28 सितंबर को खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर एक बार फिर एशियन चैंपियन का ताज अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने न केवल टूर्नामेंट में पाकिस्तान पर जीत की हैट्रिक पूरी की, बल्कि रिकॉर्ड 9वीं बार खिताब जीतने का गौरव भी हासिल कर लिया। खास बात यह रही कि भारत और पाकिस्तान पहली बार एशिया कप के फाइनल में आमने-सामने थे और इस ऐतिहासिक टकराव में बाज़ी टीम इंडिया ने मारी।

पाकिस्तान की धमाकेदार शुरुआत, फिर कुलदीप का तूफान

मैच की शुरुआत पाकिस्तान ने आक्रामक अंदाज में की। ओपनर साहिबजादा फरहान ने जसप्रीत बुमराह पर खासतौर से हमला करते हुए 38 गेंदों पर 57 रन बनाए। उनके साथ फखर जमां (46) ने मिलकर पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़ डाले। ऐसा लग रहा था कि पाकिस्तान बड़ा स्कोर खड़ा करेगा, लेकिन तभी कुलदीप यादव ने मैच की दिशा पलट दी।

13वें ओवर में उन्होंने साइम अयूब को आउट किया और इसके बाद महज 5 ओवर के भीतर पाकिस्तान की पूरी बल्लेबाजी ढह गई। कुलदीप ने 17वें ओवर में सिर्फ 1 रन देकर 3 विकेट झटके और पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। देखते ही देखते पूरी टीम मात्र 146 रन पर सिमट गई। कुलदीप ने 4/30 का शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती और बुमराह ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।

भारत की खराब शुरुआत, तिलक बने दीवार

146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। ओपनर अभिषेक शर्मा सिर्फ 2 रन पर आउट हो गए। कप्तान सूर्यकुमार यादव और उपकप्तान शुभमन गिल भी फ्लॉप साबित हुए। 4 ओवर में स्कोर मात्र 20/3 था और भारत मुश्किल में था। ऐसे वक्त पर संजू सैमसन और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला। दोनों के बीच 57 रन की साझेदारी हुई, जिसने टीम को संकट से बाहर निकाला।

सैमसन (24) आउट हुए तो शिवम दुबे क्रीज पर आए और तिलक के साथ मिलकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दोनों ने 40 गेंदों में 60 रन जोड़े और जीत का रास्ता साफ किया।

तिलक की जुझारू पारी से मिली जीत

तिलक वर्मा पूरी पारी में भारतीय टीम के लिए एंकर बने रहे। उन्होंने 69 रन नाबाद बनाए और आखिरी ओवर तक टिके रहे। 20वें ओवर में भारत को 10 रन चाहिए थे। तिलक ने हारिस रऊफ की दूसरी गेंद पर शानदार छक्का जड़कर जीत की नींव रख दी, जिसके बाद रिंकू सिंह ने चौका लगाकर ट्रॉफी पर मुहर लगा दी। भारत ने 2 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल किया।

पाकिस्तान के गेंदबाज बेअसर

पाकिस्तान की ओर से सिर्फ फहीम अशरफ ही कुछ असर डाल पाए। उन्होंने 3 विकेट लिए, लेकिन बाकी गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे।

ऐतिहासिक जीत

यह जीत भारत के लिए खास इसलिए भी रही क्योंकि टीम ने ग्रुप स्टेज और सुपर-4 में भी पाकिस्तान को हराया था और अब फाइनल में जीत दर्ज कर हैट्रिक पूरी की। एशिया कप 2025 के इस ऐतिहासिक फाइनल ने एक बार फिर साबित किया कि भारतीय टीम बड़े मुकाबलों में अपनी पकड़ और हिम्मत से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!