एशिया के अरबपतियों की रेस: 24 घंटे में अंबानी को पछाड़ सकते हैं गौतम अडानी
3 अरब डॉलर का अंतर, हिंडनबर्ग केस में राहत के बाद अडानी की दौलत में जोरदार उछाल
एशिया के दो दिग्गज कारोबारी मुकेश अंबानी और गौतम अडानी के बीच एक बार फिर दौलत की रेस शुरू हो गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़े बताते हैं कि अडानी की नेटवर्थ तेज़ी से बढ़ रही है, जबकि अंबानी की संपत्ति में गिरावट आई है। यही वजह है कि अगले 24 घंटों में अडानी, अंबानी को पछाड़कर एशिया के सबसे अमीर कारोबारी बन सकते हैं। दोनों के बीच फिलहाल महज़ 3 अरब डॉलर का फासला है।
गौतम अडानी की नेटवर्थ में बंपर इजाफा
सोमवार को गौतम अडानी की नेटवर्थ में 8.28 अरब डॉलर (करीब 73 हजार करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ। इसके बाद उनकी कुल संपत्ति 95.7 अरब डॉलर तक पहुंच गई। मौजूदा साल में ही उनकी दौलत में अब तक 17 अरब डॉलर जुड़ चुके हैं। इस तेज़ी की बदौलत अडानी दुनिया के 19वें और एशिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी बन गए हैं। अगर यही रफ्तार रही तो जल्द ही वे 100 अरब डॉलर क्लब में भी शामिल हो सकते हैं।
अडानी ग्रुप के शेयरों ने बदली तस्वीर
अडानी की दौलत बढ़ने की बड़ी वजह शेयर बाज़ार की उछाल रही। SEBI से हिंडनबर्ग केस में राहत मिलने के बाद अडानी ग्रुप की कंपनियों में जोरदार तेजी देखने को मिली। दो दिनों में ही ग्रुप की वैल्यूएशन में करीब 1.70 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ और कुल वैल्यूएशन 15 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गई। मंगलवार को भी अडानी ग्रुप के कुछ शेयरों में तेजी बनी हुई है, जिससे अडानी की नेटवर्थ और बढ़ने की संभावना है।
अंबानी की दौलत में गिरावट
दूसरी ओर, मुकेश अंबानी की नेटवर्थ फिलहाल 98.6 अरब डॉलर है। सोमवार को उनकी संपत्ति में 1.42 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में कमजोरी के चलते मंगलवार को भी उन्हें नुकसान हो सकता है। यही कारण है कि अंबानी की गद्दी खतरे में है और अगले 24 घंटे उनके लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।
दुनिया के सबसे अमीरों की लिस्ट में हलचल
इस रेस के बीच दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की संपत्ति भी बढ़ रही है। एलन मस्क की नेटवर्थ में सोमवार को 11.4 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई, जिसके बाद उनकी कुल संपत्ति 452 अरब डॉलर हो गई। वहीं लैरी एलिसन ने एक ही दिन में 20.4 अरब डॉलर जोड़ लिए और उनकी नेटवर्थ 388 अरब डॉलर हो गई। मौजूदा साल में अकेले एलिसन की संपत्ति में 195 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है, जो कई अरबपतियों की कुल संपत्ति से भी ज्यादा है।
Share this content:
