दिल्ली: भागलपुर निवासी महिला ने फांसी लगाकर दी जान, पति बनाता रहा वीडियो और देता रहा उकसावा
दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिहार के भागलपुर जिले की रहने वाली 31 वर्षीय चांदनी देवी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान पति न केवल उसे रोकने के बजाय उकसाता रहा, बल्कि पूरी घटना का वीडियो भी बनाता रहा। चांदनी की बेटी रो-रोकर मां को रोकने की कोशिश कर रही थी, लेकिन पिता ने उसे डांटकर चुप करा दिया।
जानकारी के मुताबिक, चांदनी देवी अपने पति विद्यानंद राय और बच्चों के साथ दिल्ली में रहती थी। हाल ही में उन्होंने माइक्रोफाइनेंस कंपनी से करीब चार लाख रुपये का लोन लिया था। इसी कर्ज को लेकर पति-पत्नी के बीच रोजाना झगड़े होते थे। पति विद्यानंद पर लोन चुकाने का दबाव था, लेकिन असमर्थता की वजह से अक्सर विवाद बढ़ जाता था। बताया गया कि इसी तनाव से परेशान होकर चांदनी ने जान देने का कदम उठाया।
वीडियो में साफ दिखा कि चांदनी ने डब्बा और बाल्टी की मदद से पंखे के हुक में फंदा लगाया और फांसी पर झूल गई। इस दौरान पति उसे लगातार उकसा रहा था और बेटी की सिसकियों को अनसुना कर रहा था। घटना के बाद महिला की मौत हो गई। मृतका तीन बच्चों की मां थी। परिजनों का कहना है कि लोन रिकवरी एजेंटों से लगातार धमकी मिल रही थी, वहीं अब पति की गिरफ्तारी हो चुकी है। परिवार फिलहाल सदमे में है और डर के चलते पुलिस थाने में औपचारिक शिकायत करने से भी कतरा रहा है।
Share this content:
