50 दिन में 300 करोड़ पार, बजट का 22 गुना कमाकर बनी ब्लॉकबस्टर ‘महावतार नरसिम्हा’
साउथ की फिल्म *महावतार नरसिम्हा* ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। यह फिल्म रिलीज के 50 दिन पूरे कर चुकी है और अब भी इसका जादू थमता नजर नहीं आ रहा। महज 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस एनिमेटेड माइथोलॉजिकल फिल्म ने न सिर्फ दर्शकों का दिल जीता, बल्कि कमाई के मामले में भी कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए।
धीमी शुरुआत के बावजूद फिल्म ने धीरे-धीरे मजबूत पकड़ बनाई और सिनेमाघरों में 50 दिनों तक अपनी जगह बनाए रखी। आमतौर पर कई फिल्में हफ्ते भर में ही दम तोड़ देती हैं, लेकिन *महावतार नरसिम्हा* ने अपनी लोकप्रियता और सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ के दम पर लंबी दौड़ तय की। यह बात फिल्म की सफलता को और भी खास बनाती है।
कमाई के आंकड़ों की बात करें तो फिल्म ने अब तक 324.9 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड कलेक्शन कर लिया है। भारत में इसका नेट कलेक्शन 249.52 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन 296.9 करोड़ रुपये रहा। वहीं, ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 28 करोड़ रुपये की कमाई की। इस तरह फिल्म ने अपने बजट का 22 गुना ज्यादा कलेक्शन कर दिखाया और इसे अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर एनिमेटेड फिल्मों में शामिल कर दिया।
फिल्म की सफलता की सबसे बड़ी वजह इसका एनिमेशन और पौराणिक कथाओं पर आधारित कहानी है। भारतीय दर्शकों ने एनिमेटेड फिल्मों में माइथोलॉजी का यह अनोखा संगम खूब पसंद किया। यही कारण है कि यह फिल्म न सिर्फ बच्चों बल्कि हर उम्र के दर्शकों को अपनी ओर खींचने में सफल रही।
महावतार नरसिम्हा की अप्रत्याशित सफलता ने फिल्म इंडस्ट्री को भी नया रास्ता दिखाया है। खासतौर पर एनिमेशन और माइथोलॉजिकल कंटेंट बनाने वाले फिल्ममेकर्स को अब बड़ी उम्मीदें बंध चुकी हैं। इस फिल्म ने यह साबित कर दिया कि अगर कहानी दमदार हो और उसे सही विजुअल ट्रीटमेंट दिया जाए, तो एनिमेटेड फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बना सकती हैं।
दर्शकों और क्रिटिक्स दोनों की तरफ से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स ने महावतार नरसिम्हा को एक ऐसी फिल्म बना दिया है, जिसे आने वाले समय में ‘गेमचेंजर’ के तौर पर याद किया जाएगा। 50 दिन का यह सुनहरा सफर फिल्म की ऐतिहासिक सफलता का गवाह है और यह आने वाली पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा बन गया है।
Share this content:
