May 4, 2026

अमेरिका में भारतीय की सिर कलम कर हत्या, ट्रंप ने कहा- अवैध प्रवासियों पर अब नहीं होगी नरमी

अमेरिका के डलास में 10 सितंबर को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां भारतीय मूल के चंद्रा नागमल्लैया की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी अवैध क्यूबाई नागरिक ने वॉशिंग मशीन को लेकर हुए विवाद के बाद नागमल्लैया पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उनका सिर धड़ से अलग कर दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और अवैध प्रवासियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नागमल्लैया डलास, टेक्सास के सम्मानित व्यक्ति थे, जिनकी पत्नी और बेटे के सामने बेरहमी से हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि यह जघन्य अपराध एक ऐसे अवैध प्रवासी ने किया, जिसे अमेरिका में कभी प्रवेश नहीं करना चाहिए था। ट्रंप ने दो टूक कहा कि अब ऐसे अपराधियों पर नरमी का दौर खत्म हो चुका है और मेरी सरकार अमेरिका को सुरक्षित बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठा रही है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उस पर फर्स्ट डिग्री मर्डर का केस चलाया जाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने इस मामले को लेकर बाइडेन सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आरोपी योर्डानिस पहले भी बच्चों के यौन शोषण, कार चोरी और जबरन बंधक बनाने जैसे गंभीर अपराधों में गिरफ्तार हो चुका था, लेकिन जो बाइडेन की नीतिगत नाकामी के चलते उसे रिहा कर दिया गया। अब अगर वह दोषी पाया जाता है तो उसे बिना पैरोल के आजीवन कारावास या मृत्युदंड की सजा हो सकती है।

पुलिस जांच के मुताबिक घटना की शुरुआत खराब वॉशिंग मशीन को लेकर हुई। नागमल्लैया ने अपने कर्मचारी योर्डानिस को टूटी मशीन का इस्तेमाल न करने के लिए कहा था। इस बात से नाराज होकर आरोपी ने कुल्हाड़ी से उन पर हमला कर दिया। नागमल्लैया ने जान बचाने के लिए ऑफिस की ओर भागने की कोशिश की, उनकी पत्नी और बेटे ने भी उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने किसी को नहीं बख्शा और मैनेजर का सिर धड़ से अलग कर दिया।

यह वारदात न केवल भारतीय समुदाय को बल्कि पूरे अमेरिका को झकझोर गई है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध प्रवासियों और अपराधों से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं को उजागर कर दिया है। अब देखने वाली बात होगी कि ट्रंप सरकार इस घटना के बाद अवैध प्रवासियों के खिलाफ किस तरह की सख्त नीतियां लागू करती है और क्या आरोपी को मौत की सजा तक पहुंचाया जा सकेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!