May 4, 2026

यूपी: कार में बैठाकर लूटपाट करने वाला बुजुर्ग मास्टरमाइंड साथियों संग गिरफ्तार

लखनऊ में पुलिस ने महिलाओं और लड़कियों को कार में बैठाकर लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह का मास्टरमाइंड कोई और नहीं बल्कि 55 साल का बुजुर्ग निकला। आरोपी अपने साथियों के साथ किराए की कार लेकर ग्रामीण इलाकों में वारदात करता था। खास बात यह थी कि लोगों को शक न हो, इसके लिए गिरोह अपने साथ एक महिला को भी कार में बैठाता था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी, गहने, हथियार और कार बरामद की है।

एडीसीपी नॉर्थ जितेंद्र दूबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में प्रेम कुमार वर्मा उर्फ प्रेम (ग्रेटर नोएडा), सतीश गुप्ता (लखनऊ) और रामरानी शामिल हैं। गिरोह का सरगना प्रेम पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे चार मामलों में वांछित था। पूछताछ में सामने आया कि प्रेम और सतीश दोनों ड्राइवर थे और एक कॉमन फ्रेंड के जरिए उनकी जान-पहचान हुई थी। काम की तंगी और पैसों की लालच में सतीश ने प्रेम का साथ देना शुरू कर दिया।

पुलिस के अनुसार, सतीश ने रुपये का लालच देकर रामरानी को भी इस गिरोह में शामिल कर लिया। इसके बाद तीनों ने मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया। एक अगस्त को इन्होंने गोमतीनगर की रहने वाली गीता कनौजिया को संडीला छोड़ने के बहाने कार में बैठाया। महिला को साथ देखकर गीता को शक नहीं हुआ और वह कार में बैठ गई। कुछ दूरी पर जाते ही सतीश और रामरानी ने गीता को दबोच लिया और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सोने-चांदी के जेवर और नकदी लूट ली।

लूट के बाद आरोपियों ने पीड़िता को मलिहाबाद चौराहे के पास कार से धक्का देकर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। गीता ने हिम्मत दिखाते हुए पुलिस को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद सर्विलांस टीम की मदद से शुक्रवार रात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से 5260 रुपये नकद, एक देशी तमंचा, तीन कारतूस, एक बांका और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उन्होंने और किन-किन जगहों पर वारदात की है। इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया है कि अपराधी लोगों को गुमराह करने के लिए कितने शातिर तरीके अपनाते हैं। खासतौर पर महिला सवारियों को टारगेट करना इस गिरोह की बड़ी चाल थी। फिलहाल तीनों को जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!