भारत-पाकिस्तान मैच का देशभर में विरोध, शिवसेना और AAP उतरी सड़कों पर, सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा #BoycottINDvPAK
एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच को लेकर देशभर में विरोध तेज हो गया है। पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद हुए ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है जब दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच आयोजित किया जा रहा है। राजनीतिक दलों से लेकर आम नागरिकों तक, सभी इस मुकाबले को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। शिवसेना (UBT) ने मुंबई और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया और बीसीसीआई से मैच का प्रसारण रोकने की मांग की। वहीं आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली में पाकिस्तानी खिलाड़ियों का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया।
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि पाकिस्तान जो निर्दोष लोगों का खून बहा रहा है, उसके साथ खेल के रिश्ते कैसे हो सकते हैं। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने टीवी सेट तोड़कर यह संदेश दिया कि वे इस मैच को नहीं देखेंगे और दूसरों से भी ऐसा ही करने की अपील करेंगे। शिवसेना ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र लिखकर इस मैच का प्रसारण रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि जब पाकिस्तान से व्यापार नहीं हो सकता तो खेल भी क्यों होना चाहिए।
AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि क्या नेताओं के अपने परिवार इस तरह के आतंकी हमले का शिकार होते, तब भी वे पाकिस्तान के खिलाफ क्रिकेट खेलने को मंजूरी देते? ओवैसी ने आरोप लगाया कि सरकार शहीदों के परिवारों की भावनाओं की अनदेखी कर रही है। वहीं, फिल्म निर्देशक अशोक पंडित ने इसे देश के लिए काला दिन बताया और आयोजकों को असंवेदनशील कहा। उन्होंने कहा कि यह खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शहीदों की शहादत का अपमान है।
दूसरी ओर, विश्व हिंदू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने इस विवाद पर अलग राय दी। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा पाकिस्तान पर हावी रहा है और खेल के जरिए यह संदेश दुनिया को मिलना चाहिए। उनका मानना है कि विरोध करने के बजाय भारतीय क्रिकेट टीम का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि मैदान पर जीत ही पाकिस्तान को करारा जवाब होगी।
सोशल मीडिया पर भी विरोध तेज हो गया है। प्लेटफॉर्म X पर #BoycottINDvPAK और #PahalgamTerroristAttack ट्रेंड कर रहे हैं। पहलगाम हमले में मारे गए व्यवसायी शुभम द्विवेदी की पत्नी ऐशान्या ने लोगों से मैच का बहिष्कार करने की अपील की है। उनका कहना है कि बीसीसीआई ने पीड़ित परिवारों की भावनाओं को दरकिनार किया है। अब देखना यह होगा कि देशभर में बढ़ते विरोध के बीच यह हाई-प्रोफाइल मुकाबला किस तरह से संपन्न होता है।
Share this content:
