April 26, 2026

अयोध्या दीपोत्सव-2025 में 26 लाख दीपों से जगमगाएगी रामनगरी, बनेगा नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

अयोध्या एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। 19 अक्टूबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव-2025 में 26 लाख से अधिक दीये जलाए जाएंगे, जिससे नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जाएगा। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के अनुसार, सरयू तट, राम की पैड़ी और अन्य घाटों पर दीयों की श्रृंखला से अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी अयोध्या अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया कीर्तिमान स्थापित करेगी।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी दी कि दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं। वर्ष 2017 से शुरू हुई इस परंपरा को लगातार और भव्य रूप दिया जा रहा है। इस बार सरयू नदी पर अब तक की सबसे बड़ी आरती और दीप प्रज्वलन समारोह का आयोजन होगा। मंत्री ने बताया कि राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह दूसरा दीपोत्सव है, इसलिए इसे और अधिक दिव्य व ऐतिहासिक बनाने की कोशिश की जा रही है। इस आयोजन में 1,100 से अधिक धर्माचार्य, संत-महात्मा और स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लिए पूरी प्रक्रिया तकनीकी और पारदर्शी ढंग से की जाएगी। छात्र-स्वयंसेवकों की एक बड़ी टीम दीयों की सजावट, प्रज्वलन, गिनती और सत्यापन में सहयोग करेगी। गिनीज के मानकों के अनुरूप स्थल पर विशेष डिजाइन और व्यवस्थाएं की जाएंगी। आयोजन के दौरान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की निर्णायक टीम मौजूद रहेगी और प्रक्रिया की निगरानी करेगी। सफल आयोजन के बाद मुख्यमंत्री और पर्यटन मंत्री की मौजूदगी में प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।

दीपोत्सव केवल दीयों के जगमगाने का उत्सव नहीं है, बल्कि अयोध्या की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक भी है। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह पर्व न केवल उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे भारत की आस्था और संस्कृति का विश्वस्तरीय प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि दीपों की श्रृंखला जहां भगवान राम के आदर्शों की याद दिलाती है, वहीं यह विश्व बंधुत्व और शांति का संदेश भी देती है।

प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि इस बार का दीपोत्सव पिछले सभी आयोजनों से अधिक भव्य होगा। विभाग ने विशेष झांकियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरम दृश्यों की योजना बनाई है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इसे जीवनभर याद रख सकें। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव अयोध्या को वैश्विक स्तर पर धार्मिक पर्यटन का केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभा रहा है और इस वर्ष का आयोजन निश्चित ही इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!