April 18, 2026

बॉस की बाहों में किस करते पकड़ी गई HR हेड, विवाद के बाद पति को दिया तलाक

अमेरिका के मैसाच्यूसेट्स में हुए एक कॉन्सर्ट से शुरू हुआ विवाद अब निजी रिश्तों तक जा पहुंचा है। एस्ट्रोनॉमर कंपनी की एचआर हेड क्रिस्टिन कैबोट, जो अपने सीईओ एंडी बायरन के साथ किस कैम पर किस करते हुए पकड़ी गई थीं, अब सुर्खियों में हैं। इस वायरल वीडियो के बाद जहां दोनों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था, वहीं अब क्रिस्टिन कैबोट ने अपने पति एंड्रयू कैबोट से तलाक लेने का फैसला कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रिस्टिन ने यह तलाक अर्जी 13 अगस्त को न्यू हैम्पशायर की एक अदालत में दायर की थी।

यह विवाद 16 जुलाई को बोस्टन में हुए ब्रिटिश बैंड कोल्डप्ले के कॉन्सर्ट से जुड़ा है। उसी दौरान किस कैम ने क्रिस्टिन और उनके बॉस बायरन पर फोकस किया, जिसमें दोनों को गले लगते और एक-दूसरे को किस करते देखा गया। कैमरा जैसे ही उनकी ओर मुड़ा, उन्होंने खुद को छुपाने की कोशिश भी की, लेकिन यह पल रिकॉर्ड होकर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो ने आग की तरह तूल पकड़ा और दोनों पर सवाल उठने लगे। दबाव बढ़ने के बाद कैबोट और बायरन ने कंपनी से इस्तीफा दे दिया।

क्रिस्टिन के पति एंड्रयू कैबोट, जो Privateer Rum कंपनी के सीईओ हैं, इस विवाद को लेकर सार्वजनिक रूप से ज्यादा विचलित नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की जिंदगी से उनका कोई लेना-देना नहीं है और वे वैसे भी अलग होने वाले थे। हालांकि सूत्रों का कहना है कि यह बयान महज बहाना है और हकीकत इसके उलट हो सकती है। डेली मेल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि घटना से एक महीने पहले तक दोनों यह जताते थे कि वे एक-दूसरे से बेहद प्यार करते हैं।

एंड्रयू कैबोट का यह तीसरा तलाक होगा। उनकी पूर्व पत्नी जूलिया ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सब उनके लिए चौंकाने वाला नहीं है। जूलिया के मुताबिक, एंड्रयू एक अमीर और प्रभावशाली परिवार से आते हैं लेकिन उनका व्यवहार अक्सर अहंकारी और गैर-जिम्मेदाराना रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि “जो जैसा करेगा, वैसा ही पाएगा।” जूलिया का मानना है कि एंड्रयू इस घटना से भावनात्मक रूप से प्रभावित नहीं हुए हैं, उन्हें बस थोड़ी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है।

इस पूरे प्रकरण ने कंपनी की साख को झटका देने के साथ-साथ व्यक्तिगत जीवन में भी हलचल मचा दी है। जहां क्रिस्टिन और बायरन ने अपनी पेशेवर पहचान खोई, वहीं एंड्रयू और क्रिस्टिन का वैवाहिक रिश्ता भी टूट गया। अब देखना यह होगा कि यह विवाद आगे किस दिशा में बढ़ता है, लेकिन फिलहाल यह साफ है कि एक कॉन्सर्ट में हुआ यह “किस कैम” पल सभी के लिए महंगा साबित हुआ है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!