38 साल की उम्र में इस खिलाड़ी ने बल्ले से मचाया कोहराम, सिर्फ 17 गेंदों में जड़ दी फिफ्टी; लगाए 5 छक्के

कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2025) में वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड का जलवा एक बार फिर देखने को मिला। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके पोलार्ड 38 साल की उम्र में भी बल्ले से धाक जमाए हुए हैं। 7 सितंबर को खेले गए मुकाबले में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स और गुयाना अमेजन वॉरियर्स आमने-सामने थे, जहां पोलार्ड ने धमाकेदार अंदाज में खेलते हुए केवल 17 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर सबको चौंका दिया। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत ट्रिनबागो ने निर्धारित 20 ओवर में 167 रन बनाए।

ट्रिनबागो नाइट राइडर्स की पारी लड़खड़ाने के बाद पोलार्ड बल्लेबाजी के लिए उतरे। उस समय टीम का स्कोर 95 रन पर 4 विकेट था और टीम मुश्किल में नजर आ रही थी। पोलार्ड ने आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू की और महज 18 गेंदों में 54 रनों की पारी खेल डाली। इस दौरान उन्होंने 5 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 300 का रहा। पारी के आखिरी ओवर में पोलार्ड ने रोमारियो शेफर्ड की गेंदों पर लगातार 2 छक्के और 2 चौके जड़कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

हालांकि पोलार्ड की ये आतिशी पारी टीम को जीत दिलाने के लिए काफी नहीं रही। गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने 168 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआत में कुछ विकेट गंवा दिए थे और स्कोर 136 पर 6 विकेट हो चुका था। लेकिन ड्वेन प्रिटोरियस ने नाबाद 26 रन बनाकर टीम को संकट से निकाला और आखिरी गेंद शेष रहते 3 विकेट से जीत दिला दी। इस जीत से गुयाना की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें बरकरार हैं।

वहीं, ट्रिनबागो नाइट राइडर्स पहले ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी है। बावजूद इसके, पोलार्ड की तूफानी पारी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और एक बार फिर साबित किया कि उम्र केवल एक आंकड़ा है। 38 साल की उम्र में भी पोलार्ड का बल्ला उसी ताकत और लय में चलता हुआ नजर आ रहा है, जैसे वह अपने सुनहरे दिनों में खेलते थे। उनकी यह पारी CPL के इतिहास में सबसे यादगार पारियों में से एक मानी जा रही है।

Share this content:

About The Author

You may have missed