श्रीलंका को जीत के बावजूद बड़ी सजा, सभी खिलाड़ियों पर लगा जुर्माना
श्रीलंका को जीत के बावजूद बड़ी सजा, सभी खिलाड़ियों पर लगा जुर्मान
श्रीलंका क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे दौरे की शुरुआत शानदार अंदाज में की और दो मैचों की वनडे सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। पहले मैच में जहां टीम ने 7 रनों से रोमांचक जीत दर्ज की, वहीं दूसरे मुकाबले में 5 विकेट से जिम्बाब्वे को मात दी। हालांकि जीत के साथ जश्न का माहौल बनाने वाली टीम को सीरीज के बीच ही बड़ा झटका लगा। आईसीसी ने पहले वनडे में स्लो ओवर रेट के लिए श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर 5 प्रतिशत मैच फीस का जुर्माना लगा दिया।
आईसीसी मैच रेफरी जेफ क्रो, जो एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ मैच रेफरी का हिस्सा हैं, ने यह फैसला सुनाया। जांच के दौरान पाया गया कि श्रीलंका ने निर्धारित समय में एक ओवर कम फेंका। आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत, यदि कोई टीम समय पर अपने ओवर पूरे नहीं करती है, तो खिलाड़ियों की मैच फीस में प्रत्येक ओवर के लिए 5 प्रतिशत कटौती की जाती है। इसी नियम के आधार पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों को यह सजा दी गई।
इस मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी क्योंकि श्रीलंका के कप्तान चरित असलंका ने इस अपराध को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को मान लिया। दिलचस्प बात यह रही कि जिस मैच में यह जुर्माना लगा, वह बेहद रोमांचक मोड़ पर खत्म हुआ। आखिरी ओवर में दिलशान मदुशनका ने हैट्रिक लेकर मैच श्रीलंका की झोली में डाल दिया। इस जीत से लंका ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई और इसके बाद दूसरे मैच में भी शानदार जीत दर्ज करते हुए सीरीज अपने नाम की।
भले ही श्रीलंका को स्लो ओवर रेट के कारण आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा हो, लेकिन मैदान पर उनका प्रदर्शन शानदार रहा। टीम ने निर्णायक पलों में मजबूत खेल दिखाया और सीरीज को क्लीन स्वीप किया। यह जीत श्रीलंका क्रिकेट के आत्मविश्वास को और मजबूत करती है, खासकर उस समय जब टीम लगातार सुधार की दिशा में बढ़ रही है।
अब श्रीलंका का अगला चैलेंज टी20 सीरीज है, जो 3 सितंबर से हरारे में शुरू होगी। इस सीरीज में कुल तीन मुकाबले खेले जाएंगे। दूसरा मैच 6 सितंबर और तीसरा 7 सितंबर को होगा। श्रीलंकाई टीम की नज़रें वनडे सीरीज की तरह टी20 सीरीज पर भी कब्जा जमाने पर होंगी, जबकि जिम्बाब्वे की कोशिश होगी कि घरेलू मैदान पर वापसी कर सके।
Share this content:
