इटावा में पालतू कुत्ते के हमले से 11 साल के बच्चे की मौत, मालिक गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पालतू कुत्ते और आवारा कुत्तों के हमले से 11 वर्षीय आहिल की जान चली गई। शुरुआत में घरवालों ने हत्या की आशंका जताई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत कुत्तों के काटने से हुई है। यह मामला कोतवाली क्षेत्र के गाड़ीपुरा इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, आहिल रोज की तरह बीते शुक्रवार को कूड़ा बीनने के लिए घर से निकला था। देर शाम पुलिस ने घरवालों को उसकी मौत की सूचना दी। जब परिजनों ने शव देखा तो आहिल के गर्दन पर गहरे घाव के निशान पाए गए। इससे गुस्साए घरवालों ने हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि किसी ने उनकी मासूम जान ले ली। लेकिन पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले का सच उजागर किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब आहिल कूड़ा बीन रहा था। उसी दौरान लालपुर मोहल्ले निवासी रितिक का पालतू कुत्ता ‘लुसी’ छत से कूदकर सीधे बच्चे पर हमला कर बैठा। आहिल भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन कुत्ते ने उसे जमीन पर गिराकर गर्दन दबोच ली। इसी बीच आसपास के कुछ आवारा कुत्ते भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी बच्चे पर हमला बोल दिया। मासूम चीख-पुकार करता रहा, लेकिन तब तक उसकी सांस की नली कट चुकी थी।
घटना के बाद मोहल्ले के लोग लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को वहां से भगाया। घायल हालत में आहिल को पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, खून ज्यादा बह जाने और सांस की नली कटने की वजह से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई थी।
परिजनों ने इस घटना के बाद हंगामा किया और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। शुरुआत में हत्या की आशंका जताई गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया कि मौत कुत्तों के काटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने पालतू कुत्ते के मालिक रितिक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
मृतक के चाचा नसीम ने बताया कि आहिल की मां का निधन करीब पांच साल पहले हो चुका है। पिता फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। मां की मौत के बाद से ही आहिल अपने पिता के साथ रहकर कूड़ा बीनने का काम करता था। परिवार अब पूरी तरह से सदमे में है और इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है।
Share this content:
