यूक्रेन युद्ध रोकने में नाकामी के बाद भारत पर ठीकरा फोड़ रहे ट्रंप, टैरिफ लगाकर बढ़ाया तनाव
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने वादों को लेकर सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने पिछले साल चुनाव प्रचार के दौरान दावा किया था कि सत्ता में आते ही 24 घंटे के भीतर रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करा देंगे। लेकिन उनके कार्यकाल को महीनों हो चुके हैं और युद्ध न केवल जारी है, बल्कि और अधिक जटिल होता जा रहा है। इस बीच ट्रंप अब अपनी नाकामी का ठीकरा भारत पर फोड़ते नजर आ रहे हैं। उन्होंने भारत पर रूसी तेल खरीदकर मुनाफा कमाने का आरोप लगाते हुए भारतीय सामानों पर 50% तक का टैरिफ लगा दिया है।
रूस-यूक्रेन संघर्ष फरवरी 2022 से चल रहा है और इसमें अब तक चार लाख से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। रूस में करीब 2.5 लाख और यूक्रेन में एक लाख से अधिक मौतें हो चुकी हैं। शांति प्रक्रिया के लिए कई बार वार्ताएं हुईं, लेकिन कोई ठोस नतीजा नहीं निकला। 15 अगस्त को ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से अलास्का में मुलाकात की थी, मगर यह बैठक बेनतीजा रही। इसके बाद 18 अगस्त को उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की और यूरोपीय नेताओं के साथ भी चर्चा की, लेकिन वहां भी कोई समाधान सामने नहीं आया। अब ट्रंप भारत को निशाना बनाकर यूरोपीय देशों से भी अपेक्षा कर रहे हैं कि वे भारत के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएं।
ट्रंप के आर्थिक सलाहकार पीटर नवारो ने हाल ही में कहा कि भारत रूस से भारी मात्रा में तेल आयात कर रहा है और इससे पुतिन की “वॉर मशीन” को मदद मिल रही है। नवारो ने यहां तक कह दिया कि यह युद्ध अब “मोदी का युद्ध” बन चुका है। उनका दावा है कि युद्ध से पहले भारत का रूसी तेल आयात 1% से भी कम था, जबकि अब यह बढ़कर 30% से ज्यादा यानी करीब 15 लाख बैरल प्रतिदिन हो गया है। हालांकि भारत का कहना है कि उसकी खरीदारी ने वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों को स्थिर बनाए रखने में मदद की है।
ट्रंप का यह कदम अमेरिका में भी आलोचना का विषय बन गया है। कई अर्थशास्त्रियों का कहना है कि भारत पर टैरिफ लगाना वास्तव में अमेरिका के लिए ही घाटे का सौदा साबित हो सकता है। अर्थशास्त्री रिचर्ड वोल्फ ने कहा कि ट्रंप सख्ती दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन असल में वह अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मार रहे हैं। भारत इस टैरिफ का मुकाबला करने के लिए 40 से ज्यादा देशों से संपर्क साध रहा है ताकि उसके सामानों की वैश्विक पहुंच बनी रहे।
स्पष्ट है कि ट्रंप रूस-यूक्रेन युद्ध में नाकामी को छिपाने के लिए भारत का नाम आगे कर रहे हैं। लेकिन इस रणनीति से न तो रूस पर दबाव बन रहा है और न ही यूक्रेन में शांति बहाल हो रही है। उल्टा अमेरिका और भारत के रिश्तों में खटास बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि यदि ट्रंप इसी राह पर चलते रहे तो अमेरिका के रणनीतिक हित भी प्रभावित हो सकते हैं और ब्रिक्स देशों के लिए यह पश्चिम के विकल्प के रूप में उभरने का मौका बन सकता है।
Share this content:
