April 18, 2026

कानपुर: फर्जी दारोगा बनकर 5 साल तक करता रहा ठगी, जीजा-साले की जोड़ी गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने एक हैरान कर देने वाला मामला पकड़ा है। यहां जीजा ने खुद को फर्जी दारोगा बनाकर लोगों से ठगी की और अपने साले को फॉलोअर बना लिया। आरोपी पांच साल से ग्रामीण इलाकों में पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों से वसूली कर रहा था। सजेती थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी की पहचान आजाद सिंह के रूप में हुई है, जो डुहरू गांव में अपनी ससुराल में रह रहा था। उसने अपने 21 वर्षीय साले सौरभ सिंह को भी साथ में शामिल कर लिया था। ये दोनों मिलकर नौकरी लगवाने का झांसा देते और वाहनों से भी अवैध वसूली करते थे। पुलिस जांच में पता चला कि इनकी ठगी का नेटवर्क कानपुर के अलावा बांदा, हमीरपुर, इटावा और उन्नाव तक फैला हुआ था।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के पास से फर्जी आईडी, पुलिस की वर्दी, बेल्ट, स्टार, कैप और एयर पिस्टल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी लगातार अपना नाम और पोस्टिंग बदलकर गुमराह करने की कोशिश करता रहा, लेकिन जांच में सारा सच सामने आ गया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!