बिजनौर: डेढ़ साल के बेटे को गोद में लेकर गंगा में कूदा BSF जवान, 5 दिन पहले पत्नी ने भी दी थी जान
उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां तैनात एक बीएसएफ जवान राहुल ने शनिवार को अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को गोद में लेकर गंगा बैराज से छलांग लगा दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें जवान बेटे के साथ बैराज पर जाता और गेट नंबर 17 से नदी में कूदता नजर आ रहा है। पांच दिन पहले ही राहुल की पत्नी मनीषा ने इसी जगह से गंगा में छलांग लगाकर जान दे दी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, पीएसी और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। गोताखोरों ने कई घंटों तक नदी में खोजबीन की, लेकिन उफनती धारा में अब तक बाप-बेटे का कोई सुराग नहीं मिला है। इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
दरअसल, यह पूरा मामला एक अधूरी लव स्टोरी से जुड़ा है। राहुल और मनीषा ने पांच साल पहले लव मैरिज की थी। दोनों नजीबाबाद के वेद विहार कॉलोनी में बेटे प्रणव के साथ रहते थे। राहुल अहमदाबाद में बीएसएफ में तैनात थे और मार्च में छुट्टी पर घर आए थे। पैरालाइसिस की समस्या के चलते उन्होंने छुट्टी बढ़ा ली थी। बताया जा रहा है कि 19 अगस्त को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में मनीषा ने घर छोड़ दिया और गंगा बैराज पहुंचकर छलांग लगा दी।
उस समय राहुल ने पत्नी को काफी तलाशा, यहां तक कि बैराज का सीसीटीवी चेक किया तो उसमें मनीषा को नदी में कूदते हुए देखा। तभी से पुलिस और गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए थे। पत्नी के गुम हो जाने के सदमे में राहुल टूट गए थे। शनिवार को जब वह बेटे को दवा दिलाने अस्पताल गए, तो लौटते वक्त सीधा गंगा बैराज पहुंचे और गेट नंबर 17 पर पहुंचकर बेटे को गोद में लेकर नदी में कूद गए।
गौरतलब है कि यह वही गेट नंबर 17 है, जहां से राहुल की पत्नी मनीषा ने भी छलांग लगाई थी। संयोग यह रहा कि पति ने भी लगभग उसी वक्त नदी में कूदकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस और बचाव दल तीनों की तलाश में लगे हैं। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे जिले को हिला कर रख दिया है। यह मामला इस बात की ओर इशारा करता है कि मानसिक दबाव और पारिवारिक विवाद किस तरह एक खुशहाल परिवार को खत्म कर सकता है।
Share this content:
