लखनऊ: जमानत पर रिहा आरोपी ने फेसबुक फ्रेंड बनकर युवती से शादी की, लाखों ठगे और फरार
लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जमानत पर छूटे एक आरोपी ने फेसबुक पर युवती से दोस्ती कर उसे प्रेमजाल में फंसा लिया। आरोपी ने युवती से शादी की और उसके साथ लाखों रुपये ठग लिए। इतना ही नहीं, उसने युवती की स्कूटी तक बेच डाली। जब युवती को पता चला कि आरोपी पहले से ही दो शादियां कर चुका है और उसके बच्चे भी हैं, तो वह हक्का-बक्का रह गई। आरोपी फिलहाल फरार है और पीड़िता ने महानगर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता रहीमनगर की रहने वाली है और लखीमपुर खीरी में नौकरी करती है। वर्ष 2022 में उसकी पहचान फेसबुक पर राजीव कुमार नामक युवक से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों ने मोबाइल नंबर भी एक्सचेंज किए। आरोपी ने खुद को मुरादाबाद के बुद्ध विहार का रहने वाला बताया और कहा कि वर्तमान में वह उत्तराखंड के काशीपुर मधुबन नगर में रह रहा है। बातचीत के दौरान ही उसने युवती का भरोसा जीतकर शादी कर ली।
शादी के बाद आरोपी ने युवती से लाखों रुपये ऐंठे और उसकी स्कूटी भी बेच डाली। लेकिन जब पीड़िता को यह पता चला कि आरोपी पहले से दो महिलाओं से शादी कर चुका है और उनके बच्चे भी हैं, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
Share this content:
