कानपुर: बचपन के प्यार का खौफनाक अंत, प्रेमिका के भाई ने दोस्तों संग कराई युवक की हत्या
कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बचपन के प्यार को निभाने की जिद ने 25 वर्षीय युवक कुलदीप यादव की जान ले ली। नोएडा में टेलर का काम करने वाला कुलदीप अपनी बचपन की प्रेमिका से रिश्ता कायम रखना चाहता था, लेकिन युवती का भाई पवन इस रिश्ते का सख्त विरोधी था। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद जब कुलदीप पीछे नहीं हटा, तो पवन ने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रच डाली।
पुलिस जांच में सामने आया कि पवन ने अपने दोस्त मोहम्मद आसिफ और शिखर के साथ मिलकर कुलदीप को नोएडा से कानपुर बुलाया। दोनों ने उसे दो लाख रुपये का लालच देकर कार में बैठाया और घूमाने के बहाने रास्ते में ले गए। वहां तीनों ने मिलकर कुलदीप का गला घोंट दिया और शव को झाड़ियों में फेंक दिया। 14 अगस्त को जब कुलदीप का शव बरामद हुआ, तो इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाले तो पूरी साजिश का खुलासा हुआ।
पुलिस पूछताछ में पवन ने स्वीकार किया कि वह अपनी बहन को कुलदीप से दूर रखना चाहता था। उसने कई बार कुलदीप को चेतावनी दी थी, लेकिन जब वह नहीं माना, तो गुस्से में आकर दोस्तों संग उसकी हत्या कर दी। यह सुनकर कुलदीप का परिवार सदमे में है। उन्हें यकीन नहीं हो रहा कि रिश्ते को निभाने की उसकी जिद ही उसकी मौत का कारण बन गई।
पुलिस ने इस मामले में पवन, मोहम्मद आसिफ और शिखर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कुलदीप की मौत से इलाके में गम और दहशत का माहौल है। लोग अब भी इस वारदात को लेकर हैरान हैं कि बचपन का प्यार और दोस्ती इतनी नफरत और खौफनाक अंजाम तक पहुंच सकती है। यह घटना साफ दर्शाती है कि जब रिश्तों में प्यार और भरोसे की जगह जिद और नफरत ले लेती है, तो उसका नतीजा कितन भयानक हो सकता हैं।
Share this content:
