सिराज को चप्पल दो… स्टुअर्ट ब्रॉड ने तारीफ के अंदाज़ में कही बड़ी बात
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बेहतरीन गेंदबाज़ी कर सभी का ध्यान खींचा है। उन्होंने न सिर्फ सबसे ज्यादा विकेट चटकाए, बल्कि अपनी जिम्मेदारी भी बखूबी निभाई। सिराज ने बुमराह की गैरमौजूदगी में एक्स्ट्रा वर्कलोड उठाया और टीम की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरे। उनके इसी समर्पण और मेहनत से इंग्लैंड के दिग्गज स्टुअर्ट ब्रॉड भी खासे प्रभावित हुए।
स्टुअर्ट ब्रॉड ने सिराज के लिए जो बात कही, वह सुनने में भले ही मजाकिया लगे, लेकिन उसमें गहरा सम्मान छिपा है। उन्होंने कहा, “सिराज को एक स्वीम शॉर्ट और चप्पल देकर कुछ हफ्तों के लिए बीच पर भेज देना चाहिए।” ब्रॉड का तात्पर्य यह था कि सिराज ने इस सीरीज में जिस तरह से ओवर दर ओवर मेहनत की है, वह अब एक लंबे ब्रेक के हकदार हैं।
दरअसल, सिराज इस सीरीज में सबसे ज्यादा ओवर फेंकने वाले गेंदबाज़ रहे हैं। वो कपिल देव के बाद पहले भारतीय पेसर बन गए हैं, जिन्होंने एक साल के अंदर दो टेस्ट सीरीज में 150 से ज्यादा ओवर फेंके हों। ये आंकड़ा खुद बयां करता है कि सिराज ने किस स्तर की फिजिकल और मेंटल मेहनत की है।
ओवल टेस्ट में जसप्रीत बुमराह की गैरहाजिरी में सिराज पर और भी बड़ी जिम्मेदारी थी, जिसे उन्होंने पूरी गंभीरता से निभाया। दिलचस्प बात यह है कि जब सिराज बुमराह के साथ खेलते हैं, तो उनका गेंदबाज़ी औसत 35 होता है, लेकिन जब वो अकेले फ्रंटलाइन पेसर होते हैं, तो उनका औसत गिरकर 25.74 हो जाता है।
सिराज की यह मेहनत और निरंतरता ही है, जो उन्हें मौजूदा समय में भारतीय टेस्ट टीम का सबसे भरोसेमंद तेज़ गेंदबाज़ बनाती है। ब्रॉड जैसे अनुभवी खिलाड़ी की ओर से उन्हें आराम की सलाह मिलना इस बात का सबूत है कि दुनिया क्रिकेट में सिराज के योगदान को न सिर्फ देखा जा रहा है, बल्कि सराहा भी जा रहा है।
Share this content:
