May 5, 2026

रिलायंस बनी भारत की नंबर-1 कंपनी, Fortune Global 500 की सूची में 88वें स्थान पर

Fortune Global 500 की 2025 की सूची में एक बार फिर मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भारत का नाम रोशन किया है। कंपनी को इस बार 88वां स्थान प्राप्त हुआ है, जो भले ही पिछले साल की तुलना में दो पायदान नीचे है (2024 में 86वीं रैंक), लेकिन यह अब भी भारत की सबसे ऊंची रैंकिंग वाली कंपनी बनी हुई है। रिलायंस पिछले चार वर्षों में लगातार ऊपर चढ़ती रही है – 2021 में 155वें स्थान से 2025 में 88वें स्थान तक का सफर इसकी ताकत और विकास को दर्शाता है।

 

इस साल कुल 9 भारतीय कंपनियों को Fortune की इस प्रतिष्ठित सूची में जगह मिली है, जिनमें 5 सरकारी और 4 निजी कंपनियां शामिल हैं। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में LIC, Indian Oil Corporation, SBI, ONGC और BPCL का नाम है, जबकि निजी कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC बैंक, ICICI बैंक और टाटा मोटर्स शामिल हैं।

 

रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2024-25 में ₹10.71 लाख करोड़ का संयुक्त राजस्व हासिल किया, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 7.1% अधिक है। यह प्रदर्शन मुख्य रूप से इसके ऊर्जा, रिटेल और डिजिटल सेवाओं जैसे विविध क्षेत्रों में मजबूती के चलते संभव हुआ। लगातार 22वें साल Fortune Global 500 में जगह बनाकर रिलायंस ने एक नई मिसाल कायम की है।

 

दूसरी ओर, HDFC बैंक ने भी बड़ी छलांग लगाई है और 48 स्थान ऊपर चढ़कर 258वें स्थान पर पहुंच गया है। SBI ने भी इस साल 15 पायदान की बढ़त दर्ज की है। हालांकि IOC, टाटा मोटर्स और BPCL जैसी कंपनियों की रैंकिंग में गिरावट देखने को मिली है।

 

Fortune Global 500 की टॉप-10 सूची में Walmart, Amazon, Saudi Aramco और Apple जैसी कंपनियां शामिल हैं। चीन की कंपनियों का वर्चस्व भी इस सूची में बना हुआ है। लेकिन भारत की बढ़ती मौजूदगी यह दिखाती है कि अब वैश्विक स्तर पर भारतीय कॉर्पोरेट जगत की आवाज और असर दोनों मजबूत हो चुके हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!