AI स्किल नहीं सीखी तो IT सेक्टर में मुश्किल होगी नौकरी बचाना: नासकॉम की चेतावनी
भारत के IT सेक्टर में एक बड़ा बदलाव सामने आ रहा है। देश की शीर्ष IT संस्था नासकॉम (NASSCOM) ने चेताया है कि अगर मौजूदा कर्मचारी और युवा टेक प्रोफेशनल्स जल्द ही AI और एडवांस स्किल्स नहीं सीखते, तो उनकी नौकरियां खतरे में पड़ सकती हैं। TCS जैसी दिग्गज कंपनी ने हाल ही में 12,000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है, जिससे यह संकेत मिलता है कि कंपनियां अब पारंपरिक स्किल्स पर निर्भर नहीं रहना चाहतीं।
AI और ऑटोमेशन बन रहे छंटनी की वजह
नासकॉम के मुताबिक, अब AI सिर्फ एक तकनीकी सपोर्ट टूल नहीं रह गया है, बल्कि यह सेवा संरचना का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। इसके चलते कंपनियों के डिलीवरी मॉडल बदल रहे हैं और कर्मचारियों की भूमिकाएं भी दोबारा परिभाषित की जा रही हैं। वैश्विक ग्राहक तेज़ डिलीवरी, इनोवेशन और एजिलिटी की मांग कर रहे हैं, जिससे परंपरागत स्किल्स अप्रासंगिक होती जा रही हैं।
भारत की सबसे बड़ी छंटनी की ओर इशारा
TCS ने हाल ही में अपने वैश्विक वर्कफोर्स का 2% कम करने का ऐलान किया है, जिससे मुख्य रूप से मिड और सीनियर लेवल के प्रोफेशनल्स प्रभावित होंगे। यह भारत के IT सेक्टर की अब तक की सबसे बड़ी छंटनी में से एक मानी जा रही है, जिससे बाकी कंपनियों में भी रेस्ट्रक्चरिंग का ट्रेंड शुरू हो सकता है।
बदलाव को समझें, संकट नहीं
नासकॉम का कहना है कि यह बदलाव किसी संकट का संकेत नहीं है, बल्कि एक संरचनात्मक ट्रांसफॉर्मेशन है। तकनीकी बदलावों के साथ नई भूमिकाएं और अवसर आते हैं। ऐसे में कंपनियों को अपने कर्मचारियों को लगातार री-स्किल, अप-स्किल और क्रॉस-स्किल करते रहना होगा।
AI में दी जा रही है तेजी से ट्रेनिंग
नासकॉम के अनुसार अब तक 15 लाख से ज्यादा प्रोफेशनल्स को AI और जेनरेटिव AI में ट्रेनिंग दी जा चुकी है। इनमें से करीब 95,000 कर्मचारी भारत की प्रमुख IT कंपनियों में कार्यरत हैं और उन्होंने AI-नेटिव क्लाउड, एप्लाइड इंटेलिजेंस जैसे क्षेत्रों में एडवांस सर्टिफिकेशन प्राप्त किया है।
भविष्य की नौकरी के लिए जरूरी होगी डीप डोमेन एक्सपर्टाइज
नासकॉम ने यह भी कहा है कि भविष्य में सिर्फ डिग्री या सामान्य टेक स्किल्स से काम नहीं चलेगा। कंपनियां अब ऐसे उम्मीदवार चाहेंगी, जो फाइनेंस, हेल्थकेयर, डेटा इंजीनियरिंग जैसे अपने-अपने डोमेन्स में गहरी विशेषज्ञता रखते हों। यही कारण है कि इस दौर में हर प्रोफेशनल के लिए अपनी स्किल्स को अपग्रेड करना बेहद जरूरी हो गया है।
Share this content:
