राहुल गांधी ने पहलगाम हमले के 22 अनाथ बच्चों की जिम्मेदारी ली
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इस हमले के जवाब में भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया, जिसमें पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इसके बाद दोनों देशों के बीच करीब 4 दिन तक संघर्ष चला, जिसमें खासकर पुंछ ज़िला प्रभावित हुआ।
इस पूरे संघर्ष में कई मासूम बच्चों ने अपने माता-पिता या परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य को खो दिया। ऐसे 22 बच्चों की जिम्मेदारी अब कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उठाई है। जम्मू-कश्मीर कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद करा के मुताबिक, राहुल गांधी इन बच्चों की पढ़ाई और भरण-पोषण का पूरा खर्च उठाएंगे। इस मदद की पहली किस्त बुधवार को दी जाएगी, और यह सहायता तब तक जारी रहेगी जब तक बच्चे ग्रेजुएशन पूरी नहीं कर लेते।
राहुल गांधी ने मई में पुंछ का दौरा भी किया था और क्राइस्ट पब्लिक स्कूल में बच्चों से मुलाकात की थी। वहां उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा था कि वे डरें नहीं और शिक्षा में आगे बढ़ें।
गौरतलब है कि ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत भारत ने 7 मई को की थी। इसके जवाब में पाकिस्तान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए। यह संघर्ष 10 मई तक चला, जब सीजफायर की घोषणा हुई। संघर्ष के दौरान सबसे अधिक नुकसान पुंछ जिले को हुआ।
Share this content:
