April 30, 2026

हाथों में मेहंदी, आंखों में दर्द… लखनऊ की सौम्या की खुदकुशी से उठा ससुरालवालों पर सवालों का तूफान

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सिपाही की पत्नी सौम्या कश्यप ने आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। लेकिन इससे पहले सौम्या ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने अपने पति, जेठ और बहनोई पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के संगीन आरोप लगाए। ये वीडियो वायरल होते ही सनसनी फैल गई और मामले की गंभीरता बढ़ गई।

सौम्या ने जो आरोप लगाए वो बेहद चौंकाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के लिए ताने दिए जाते थे और उनके पति की दूसरी शादी करवाने का दबाव डाला जा रहा था। उन्होंने अपने पति अनुराग सिंह, जेठ और बहनोई (जो PAC में कार्यरत हैं) पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। सौम्या ने कहा कि उसने थाने में कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वीडियो में रोते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से न्याय की गुहार भी लगाई।

पुलिस के मुताबिक, सौम्या का पहला वीडियो रविवार सुबह 9 बजे वायरल हुआ, जिसमें वह अपने शरीर पर चोट के निशान दिखा रही थीं। करीब तीन घंटे बाद उनका दूसरा वीडियो सामने आया, जिसमें वे टूटे मन से आपबीती सुना रही थीं। इन वीडियोज़ के कुछ घंटे पहले ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर मेहंदी लगे हाथों के साथ एक Reel भी पोस्ट की थी, जो उनके हालात की गहराई को दर्शा रही थी।

सौम्या कश्यप की पहचान मैनपुरी जिले के आलीपुर खेड़ा निवासी के रूप में हुई है। उनकी मुलाकात साल 2023 में अनुराग सिंह से हुई थी, जो मैनपुरी के जगदीशपुर के रहने वाले हैं। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और फिर वे लिव-इन में रहने लगे। मगर बाद में रिश्तों में दरार आ गई और सौम्या ने अनुराग पर दुष्कर्म का केस दर्ज कराया। इसी दबाव में जनवरी 2024 में दोनों ने लखनऊ के शीतला माता मंदिर में शादी की थी। शादी के कुछ समय बाद सौम्या अपने पति के साथ बीकेटी क्षेत्र के मामपुर बाना में किराए के मकान में रहने लगीं।

घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और फोरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। अपर पुलिस उपायुक्त जितेंद्र दुबे ने कहा है कि वायरल वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सौम्या की इस आत्महत्या ने समाज में फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कब बेटियों को सही मायने में सुरक्षा और न्याय मिलेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!