ऋषभ पंत का बाहर होना टीम इंडिया के लिए बड़ा झटका, मैनचेस्टर टेस्ट में नहीं करेंगे बल्लेबाज़ी और कीपिंग
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी चौथे टेस्ट मैच के दौरान टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत गंभीर रूप से चोटिल हो गए हैं और अब वे न केवल इस टेस्ट की शेष पारी से बाहर हो गए हैं, बल्कि अगला मुकाबला भी नहीं खेल पाएंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने प्राथमिक जांच के बाद संकेत दिया है कि उन्हें कम से कम छह सप्ताह के लिए क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है। यह भारत के लिए खासतौर पर तब चिंता की बात है जब सीरीज निर्णायक मोड़ पर है।
पंत को चोट मैनचेस्टर टेस्ट के दौरान उस समय लगी जब वे क्रिस वोक्स की गेंद को खेलने की कोशिश कर रहे थे। गेंद सीधा उनके पैर पर जा लगी और दर्द से कराहते हुए वे पिच पर गिर पड़े। अंपायर ने आउट नहीं दिया और इंग्लैंड ने डीआरएस भी लिया, जिसमें पंत नॉटआउट पाए गए। हालांकि बल्लेबाजी जारी रखने के बाद भी उनकी स्थिति बिगड़ती चली गई और अंततः बीसीसीआई की मेडिकल टीम मैदान में पहुंची। जब उनका मोजा उतारा गया, तो पैर से खून निकल रहा था और सूजन भी स्पष्ट दिख रही थी।
इसके बाद पंत को तुरंत मैदान से बाहर ले जाया गया और मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। अब स्थिति यह है कि पंत इस टेस्ट मैच में ना बल्लेबाजी करेंगे, ना ही विकेटकीपिंग। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को कीपिंग की जिम्मेदारी दी गई है, लेकिन आईसीसी के नियमों के मुताबिक, ध्रुव बल्लेबाजी नहीं कर सकते। इसका मतलब यह है कि जब भारत के 9 विकेट गिरेंगे, तो टीम को ऑलआउट मान लिया जाएगा, भले ही एक बल्लेबाज तकनीकी रूप से बचा हो।
इस घटनाक्रम से भारत की स्थिति न केवल इस टेस्ट में बल्कि पूरी सीरीज में प्रभावित हो सकती है। ऋषभ पंत टीम के मुख्य विकेटकीपर और मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज़ हैं। अगर वे लंबे समय तक बाहर रहते हैं, तो भारत को न केवल उनका रिप्लेसमेंट ढूंढना होगा, बल्कि बैटिंग लाइनअप में भी बड़े बदलाव करने पड़ सकते हैं। फिलहाल टीम मैनेजमेंट और फैंस को पंत की फिटनेस रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन संकेत अच्छे नहीं लग रहे।
Share this content:
