May 5, 2026

प्यार के नाम पर साइबर ठगी: ‘सैयारा’ ट्रेंड से यूपी पुलिस ने दिया अनोखा अलर्ट

फिल्म सैयारा इन दिनों युवाओं के बीच जबरदस्त लोकप्रियता बटोर रही है, और इसी ट्रेंड का उपयोग कर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक बेहद रचनात्मक अंदाज में लोगों को साइबर ठगी के खिलाफ सतर्क किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पुलिस ने फिल्म से जुड़ी भाषा में पोस्ट करते हुए आगाह किया, “कहीं आपका ऑनलाइन सैयारा साइबर ठग न निकल जाए… सतर्क रहें।”

 

पोस्ट में एक चेतावनी भरे मजाकिया लहजे में कहा गया कि सैयारा देखकर लोग सिनेमाघरों में बेहोश हो रहे हैं, लेकिन असली बेहोशी तब होगी जब कोई कहेगा “I Love You” और फिर “OTP भेजो प्लीज” मांगेगा। यूपी पुलिस का यह अंदाज लोगों को खूब भा रहा है और पोस्ट को सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।

 

संदेश का मुख्य मकसद यह बताना है कि ऑनलाइन रिश्तों में प्यार और भरोसे के नाम पर कई बार साइबर ठग निजी जानकारी मांगते हैं, जैसे बैंक डिटेल्स, पासवर्ड या OTP। एक बार अगर कोई ये जानकारी साझा कर दे, तो उसका अकाउंट खाली होने में देर नहीं लगती।

 

पुलिस ने यह भी बताया कि इन दिनों कई ठग फर्जी प्रोफाइल बनाकर प्यार का झांसा देते हैं, पहले बातचीत कर भरोसा जीतते हैं और फिर धीरे-धीरे आर्थिक ठगी की तरफ बढ़ते हैं। इसलिए ऑनलाइन किसी अनजान व्यक्ति को अपनी कोई भी संवेदनशील जानकारी न दें।

 

यदि कोई साइबर ठगी हो जाए तो तुरंत नेशनल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या भारत सरकार की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। उत्तर प्रदेश में आप 112 पर कॉल करके भी मामले की सूचना दे सकते हैं। समय पर की गई शिकायत से नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!