गाजियाबाद में चला रहा था 4 फर्जी देशों का दूतावास, पीएम के साथ मॉर्फ तस्वीरें बनाईं ढाल, STF ने हर्षवर्धन जैन को किया गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। यहां हर्षवर्धन जैन नामक व्यक्ति 4 काल्पनिक देशों — वेस्ट आर्कटिक, सैबोर्गा, पॉलविया और लोडोनिया — के नाम पर अवैध दूतावास चला रहा था। खुद को इन देशों का एंबेसडर बताकर वह लोगों को गुमराह करता था। STF ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके कब्जे से भारी मात्रा में नकदी, फर्जी दस्तावेज, डिप्लोमैटिक पासपोर्ट, प्रेस कार्ड और विदेशी मुद्राएं बरामद की हैं।
हर्षवर्धन प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य लोगों के साथ मॉर्फ की गई तस्वीरों का इस्तेमाल कर खुद को प्रभावशाली बताता था। वह विदेशों में नौकरी और व्यापार के नाम पर ठगी करता और हवाला रैकेट चला रहा था। उसके पास से मिली डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी गाड़ियों और विदेशी मंत्रालय की मोहर वाले फर्जी दस्तावेजों ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया।
एसटीएफ के अनुसार, हर्षवर्धन का नेटवर्क अंतरराष्ट्रीय स्तर तक फैला हो सकता है और वह अंतरराष्ट्रीय हथियार डीलरों व कुख्यात तांत्रिकों से संपर्क में रहा है। उसके खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोपों में केस दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब उसके नेटवर्क के अन्य सदस्यों और विदेशी कनेक्शनों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।
Share this content:
