April 18, 2026

2018: जब शाहरुख, आमिर और सलमान की फिल्में एक साथ हुईं फ्लॉप, करोड़ों का लगा था झटका

बॉलीवुड के तीन सबसे बड़े सुपरस्टार—शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान—जब-जब कोई फिल्म लेकर आते हैं, तो फैन्स और मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की उम्मीद होती है। लेकिन साल 2018 ऐसा दुर्लभ साल था, जब इन तीनों दिग्गजों की फिल्में एक के बाद एक फ्लॉप हो गईं और इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा। उस साल तीनों खान की रिलीज़ हुई फिल्मों ने न सिर्फ उम्मीदों पर पानी फेरा, बल्कि उनके करियर को भी झटका दिया।

सबसे पहले बात आमिर खान की फिल्म ठग्स ऑफ हिंदोस्तान की, जो 8 नवंबर 2018 को रिलीज़ हुई थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन, कटरीना कैफ और फातिमा सना शेख भी लीड रोल में थीं, लेकिन दर्शकों को कहानी और किरदार रास नहीं आए। करीब 300 करोड़ के बजट वाली फिल्म ने दुनियाभर से 322 करोड़ की कमाई की, जो अपेक्षाओं से काफी कम थी। खुद आमिर ने भी बाद में माना कि फिल्म से वह संतुष्ट नहीं थे।

इसके बाद आई सलमान खान की रेस 3, जो 15 जून 2018 को रिलीज़ हुई। यह मशहूर ‘रेस’ फ्रेंचाइजी का तीसरा पार्ट था, लेकिन इस फिल्म को लेकर दर्शकों की प्रतिक्रिया बेहद नेगेटिव रही। फिल्म का बजट करीब 150 करोड़ था और इसने बॉक्स ऑफिस पर करीब 200 करोड़ कमाए, लेकिन इसे कहानी, एक्टिंग और डायलॉग्स के लिए बुरी तरह ट्रोल किया गया। खुद सलमान ने भी आगे चलकर इस फिल्म पर चुटकी ली।

वहीं, साल का अंत शाहरुख खान की फिल्म जीरो के साथ हुआ, जो 21 दिसंबर 2018 को सिनेमाघरों में पहुंची। अनुष्का शर्मा और कैटरीना कैफ स्टारर इस फिल्म में शाहरुख ने बौने का किरदार निभाया था, लेकिन एक्सपेरिमेंटल कहानी दर्शकों को पसंद नहीं आई। फिल्म का बजट करीब 200 करोड़ था, मगर भारत में सिर्फ 90 करोड़ की कमाई कर पाई। इस फ्लॉप के बाद शाहरुख ने तकरीबन चार साल के लिए फिल्मों से ब्रेक ले लिया।

साल 2018 को बॉलीवुड के लिए उस दौर के रूप में याद किया जाता है जब तीनों खान एक साथ बॉक्स ऑफिस पर नाकाम रहे। यह घटना इस बात का संकेत भी बनी कि स्टारडम के साथ कंटेंट का मजबूत होना भी उतना ही जरूरी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!