भारत में फिर से ब्लॉक हुए पाकिस्तानियों के सोशल मीडिया अकाउंट, नहीं दिखेंगी अब आफरीदी-माहिरा की पोस्ट
भारत सरकार ने एक बार फिर पाकिस्तान की कई प्रमुख हस्तियों के सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक कर दिया है। इनमें पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी, एक्ट्रेस माहिरा खान, हनिया आमिर, फवाद खान, मावरा होकेन जैसी हस्तियों के इंस्टाग्राम और X (पूर्व ट्विटर) प्रोफाइल शामिल हैं। गुरुवार सुबह तक भारतीय यूजर्स को इन प्रोफाइल्स पर “भारत में यह अकाउंट उपलब्ध नहीं है” जैसा पॉप-अप मैसेज दिखाई देने लगा।
इससे एक दिन पहले ही इन अकाउंट्स और कुछ पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों जैसे हम टीवी, एआरवाई डिजिटल और हर पल जियो पर से प्रतिबंध हटाया गया था, जिससे लगा था कि सरकार ने सोशल मीडिया पर बैन चुपचाप हटा लिया है। लेकिन गुरुवार को फिर से ये अकाउंट्स ब्लॉक कर दिए गए। इससे पहले अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर के चलते भारत-पाकिस्तान के संबंधों में खटास बढ़ गई थी।
पाकिस्तान की कुछ हस्तियों ने सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ बयानबाजी की थी और ऑपरेशन सिंदूर की आलोचना की थी। इसके जवाब में भारत सरकार ने मई में इनसे जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों पर सख्त कदम उठाते हुए उनके अकाउंट्स ब्लॉक कर दिए थे। हालांकि अब तक सरकार की ओर से इस बैन को फिर से लागू करने को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मौजूदा स्थिति को लेकर माना जा रहा है कि सरकार ने कानूनी प्रावधानों के तहत सोशल मीडिया कंपनियों को निर्देश दिया है कि वे इन खातों को भारत में ब्लॉक रखें। यह मामला भारत-पाकिस्तान के बीच लगातार तनावपूर्ण होते रिश्तों और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही विचारधारात्मक प्रचार की आशंका के मद्देनज़र देखा जा रहा है।
Share this content:
