April 18, 2026

दूसरे टेस्ट से पहले बुमराह पर बड़ा फैसला! गंभीर से चर्चा के बाद टीम इंडिया में बदलाव तय

भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले जसप्रीत बुमराह को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। हेड कोच गौतम गंभीर और बुमराह के बीच एजबेस्टन मैदान पर लंबी बातचीत के बाद संकेत मिल रहे हैं कि बुमराह दूसरे टेस्ट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।

 

प्रैक्टिस सेशन के दौरान वह गेंदबाजी करते नजर नहीं आए, जबकि सिराज, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे गेंदबाजों ने जमकर अभ्यास किया। मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि टीम मैनेजमेंट बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर पहले से ही स्पष्ट था और इस सीरीज में उन्हें अधिकतम तीन टेस्ट ही खेलने देने की योजना है।

 

गौरतलब है कि बुमराह ने पहले टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके थे, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा था। अब बर्मिंघम के एजबेस्टन में 2 जुलाई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए तेज गेंदबाजी क्रम में बदलाव तय माना जा रहा है। सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की जगह बरकरार मानी जा रही है, जबकि तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में आकाश दीप या अर्शदीप सिंह में से किसी एक को मौका मिल सकता है।

 

अगर बुमराह को आराम दिया जाता है तो यह टीम इंडिया के लिए बड़ी रणनीतिक चुनौती होगी, क्योंकि इंग्लैंड की परिस्थितियों में वह सबसे खतरनाक गेंदबाज माने जाते हैं। ऐसे में सभी की निगाहें अब टीम इंडिया की फाइनल प्लेइंग इलेवन पर टिकी हैं।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!